भिलाई। 10 मई, 2026, (सीजी संदेश) : संयुक्त ट्रेड यूनियन भिलाई की बैठक 09 मई को सीटू कार्यालय, सेक्टर 4, भिलाई में आयोजित की गई. बैठक में इंटक, सीटू, एटक, एसएमएस, ऐक्टू, लोइमू से संबंध श्रमिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया. बैठक में केन्द्रीय श्रम संगठनों के आह्वान पर 12 मई 2026 को संघर्षरत श्रमिकों के साथ एकजुटता में राष्ट्रीय मांग दिवस के रूप में मनाने को लेकर बातचीत की गई. पिछले तीन महीनों मे उत्तरी व मध्य भारत के बडे हिस्से मे संविदा व ठेका श्रमिकों के अमानवीय शोषण के खिलाफ औद्योगिक श्रमिकों का प्रतिरोध हो रहा है। बैठक में तय किया गया कि 12 मई 2026 को शाम 6:00 से 7:00 तक सेल परिवार चौक, सेक्टर 6, भिलाई में विरोध प्रदर्शन किया जाएगा और माननीय प्रधानमंत्री के नाम कलेक्टर दुर्ग को ज्ञापन सौंपा जाएगा। बैठक में 8 मई 2026 को केंद्र सरकार द्वारा मजदूर विरोधी चारों लेबर कोट्स के केंद्रीय नियमावली अधिसूचित करने की निंदा की गई। बैठक में श्रमिक आंदोलन के खिलाफ सरकारों की दमनकारी नीति की भतर्सना की गई. बैठक में इस विरोध कार्यक्रम में आम जनता से अपना समर्थन देने की अपील किया गया. बैठक मे बृजेन्द्र तिवारी, पूरन वर्मा, विजय जागडे, विनोद कुमार सोनी, प्रमोद मिश्रा, शिव शंकर सिंह, हरिराम यादव, के. सुंदर, सुरेंद्र मोहंती, डीवीएह रेड्डी शामिल थे।



