उत्तर प्रदेश के आगरा के नुनिहाई लिंक रोड स्थित बांके बिहारी हॉस्पिटल के ऑपरेशन थियेटर में जुआ चल रहा था। सूचना पर बुधवार को पुलिस ने दबिश दी। 11 जुआरियों को मौके से पकड़ा गया। हॉस्पिटल संचालक को फरार दर्शाया गया है। पकड़े गए आरोपियों में तीमारदार भी शामिल है। घटना रात करीब आठ बजे की है। पुलिस को खबर मिली कि बांके बिहारी हॉस्पिटल में जुआ चल रहा है। हॉस्पिटल में इन दिनों मरीज नहीं हैं। खर्चा निकालने लिए दीपावली पर हॉस्पिटल जुआरियों को किराए पर दे दिया गया है।
हॉस्पिटल में जुआ हो सकता है पुलिस कभी ऐसा नहीं सोचेगी। हॉस्पिटल के बाहर रातभर वाहन खड़े रहेंगे तो भी पुलिस को शक नहीं होगा। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। चेकिंग की तो कहीं जुआरी नहीं मिले। यह देख पुलिस हैरान रह गई। तभी पुलिस का ध्यान ऑपरेशन थियेटर की तरफ गया। पुलिस अंदर पहुंची तो सन्न रह गई। जुआरी ओटी में थे। आराम से जुआ खेल रहे थे। पुलिस ने घेराबंदी करके 11 को दबोच लिया। पुलिस के मुताबिक हॉस्पिटल संचालक उमाकांत गुप्ता की तलाश की जा रही है।
कौन-कौन हुआ गिरफ्तार: पुलिस ने मौके से रामसेवक गुप्ता, डॉक्टर प्रमोद गुप्ता ओटी प्रभारी, वार्ड ब्वाय दिनेश कुमार, ओटी असिस्टेंट गुड्डू, कंपाउंडर सतेंद्र, परविंदर, मार्केटिंग मैनेजर आरिफ खान, कैंटीन संचालक सचिन परिहार, मेडिकल स्टोर संचालक सौरभ राठौर, तीमारदार रिंकू यादव, अजीत यादव को पकड़ा गया। फड़ से 53800 रुपये बरामद हुए।
ओटी में भीड़, क्या करें मरीज: यमुनापार इलाका पहले से ही मरीजों के साथ लूटपाट के लिए बदनाम हैं। यहां गली-गली में हॉस्पिटल हैं। चंद हॉस्पिटलों को छोड़ दिया जाए तो शेष ठेके पर चलते हैं। जिस ओटी में जाने के लिए मानक हैं, वहां एक दर्जन लोगों की भीड़ थी। जुआ चल रहा था।
खबर जरा हटके : ऑपरेशन थियेटर में पहुंची जब पुलिस…. नजारा देख रह गई दंग
RO No. 12276/54
Chhattisgarh no.1 News Portal
Leave a comment