भिलाई। 15अप्रैल, 2026, (सीजी संदेश) : भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती एवं क्रांति ज्योति महात्मा ज्योतिबा फुले के संयुक्त जयंती समारोह के पावन अवसर पर दिनांक 14 अप्रैल, मंगलवार को भारतीय बौद्ध महासभा द्वारा बाबा साहेब डॉक्टर भीमराव अंबेडकर संस्कृतिक भवन सेक्टर 6 भिलाई नगर में भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर प्रातः 09:00 बजे से ही आम्बेडकर सांस्कृतिक भवन परिसर में सामाजिक संगठनों, युवाओं, महिलाओं एवं नागरिकों का उत्साहपूर्ण जमावड़ा देखने को मिला।
कार्यक्रम की शुरुआत सामूहिक वंदना के साथ हुई, जिसमें उपस्थित लोगों ने बाबा साहेब के विचारों समता, स्वतंत्रता और बंधुत्व को आत्मसात करने का संकल्प लिया। इसके पश्चात प्रातः 9:30 बजे बाबा साहेब के जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में केक काटकर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया गया। पूरा वातावरण “जय भीम” के नारों से गूंज उठा। ठीक 10:00 बजे भव्य रैली का शुभारंभ डॉ. आम्बेडकर सांस्कृतिक भवन से किया गया। रैली में हजारों की संख्या में लोग सफेद कपड़े, नीले झंडे, बैनर और बाबा साहेब के चित्र लेकर शामिल हुए। यह रैली सांई बाबा मंदिर होते हुए सेक्टर-06 ए-मार्केट, 7 मिलियन चौक सेक्टर-05, सेक्टर-02 भिलाई विद्यालय और सेक्टर-01 बी.एस.एन.एल. चौक से गुजरते हुए पावर हाउस स्थित बाबा साहेब आम्बेडकर चौक पर पहुंचकर संपन्न हुई।
रैली के दौरान जगह-जगह पुष्प वर्षा कर लोगों का स्वागत किया गया। विभिन्न सामाजिक संगठनों द्वारा जलपान एवं सेवा शिविर भी लगाए गए। युवाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला, जो बाबा साहेब के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध नजर आए।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि डॉ. भीमराव अंबेडकर केवल एक महान संविधान निर्माता ही नहीं, बल्कि सामाजिक न्याय और समानता के प्रतीक हैं। उन्होंने समाज के वंचित वर्गों को अधिकार दिलाने के लिए अपना संपूर्ण जीवन समर्पित किया। आज उनका जीवन संघर्ष हम सभी के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित जनसमूह ने बाबा साहेब के दिखाए मार्ग पर चलने एवं समाज में समानता, शिक्षा और भाईचारे को बढ़ावा देने का संकल्प लिया। यह आयोजन न केवल एक श्रद्धांजलि था, बल्कि सामाजिक एकता और जागरूकता का सशक्त संदेश भी बना।



