भिलाई। 15अप्रैल, 2026, (सीजी संदेश) : शहर की प्रमुख स्व. जॉन सिंह आकाशगंगा थोक सब्जी मंडी को राधिका नगर (सुपेला थाना के पीछे) स्थानांतरित करने की मांग एक बार फिर जोर पकड़ने लगी है। मंडी से जुड़े सब्जी विक्रेता संघ ने पूर्व मुख्यमंत्री व वर्तमान विधानसभा अध्यक्ष डॉ रमन सिंह से मिलकर ज्ञापन सौंपते हुए सब्जी मंडी की समस्याओं के निराकरण की मांग की है। संघ ने स्थानीय निगम प्रशासन को स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि एक माह के भीतर उनकी समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, तो वे अनिश्चितकालीन व्यापार बंद करने को मजबूर होंगे। ज्ञापन सौंपने वालों में सब्जी मंडी अध्यक्ष रवि जॉन सिंह, अरविंद गुप्ता, अंबु, दाऊ लाल देवांगन, राकेश, त्रिलोक मिश्रा, फत्ते, करण, मनोज, जय, दिनेश, अमित, ईश्वर, प्रेम सहित अन्य लोग उपस्थित थे।
जानकारी के अनुसार, वर्तमान आकाशगंगा थोक सब्जी मंडी की स्थापना वर्ष 2000 में नगर निगम भिलाई द्वारा की गई थी, जिसमें थोक और चिल्हर दोनों प्रकार के सब्जी विक्रेताओं को एक ही परिसर में स्थान दिया गया था। उस समय मंडी की रूपरेखा लगभग 25 थोक और 300 चिल्हर विक्रेताओं को ध्यान में रखकर तैयार की गई थी।
लेकिन बीते वर्षों में शहर की बढ़ती आबादी और व्यापार के विस्तार के कारण अब थोक सब्जी विक्रेताओं की संख्या बढ़कर करीब 110 हो गई है, जिससे मौजूदा व्यवस्था पूरी तरह से अपर्याप्त साबित हो रही है। पिछले दिनों निगम द्वारा थोक सब्जी मंडी को सुपेला थाना के पीछे स्थित 11 एकड़ भूमि में स्थानांतरण के लिए 35 करोड रुपए का डीपीआर तैयार करके राज्य शासन को अनुमति हेतु भेजा गया था। इसके बारे में शासन से कोई भी निर्देश नहीं मिला है।
भारी वाहनों की आवाजाही से बढ़ी परेशानी
मंडी में प्रतिदिन अन्य राज्यों से आने वाले लगभग 100 भारी वाहन और स्थानीय किसानों की करीब 300 ट्रैक्टर-ट्रॉलियां पहुंचती हैं। लेकिन पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था न होने के कारण यातायात व्यवस्था पूरी तरह बाधित हो जाती है। मंडी में प्रवेश और निकास का एक ही रास्ता होने से व्यापारियों और किसानों के बीच अक्सर विवाद की स्थिति बन जाती है।
व्यापारियों का कहना है कि अव्यवस्था के चलते न केवल व्यापार प्रभावित हो रहा है, बल्कि किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य भी नहीं मिल पा रहा है। इससे किसानों और व्यापारियों दोनों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
राधिका नगर में नई मंडी बनाने की मांग
थोक सब्जी विक्रेताओं ने नगर निगम द्वारा चयनित राधिका नगर स्थित शासकीय भूमि पर कृषि उपज मंडी के तर्ज पर एक व्यवस्थित थोक सब्जी मंडी विकसित करने की मांग की है। उनका कहना है कि नई जगह पर पर्याप्त स्थान, पार्किंग और बेहतर यातायात व्यवस्था उपलब्ध कराई जा सकती है, जिससे व्यापार सुचारू रूप से संचालित हो सके।
एक माह का अल्टीमेटम
मंडी संघ ने प्रशासन को एक माह का समय देते हुए कहा है कि यदि इस अवधि में उनकी मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं की गई, तो वे अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाएंगे और अपने व्यापार को पूरी तरह बंद कर देंगे।
अन्य संगठनों का मिला समर्थन
इस मांग को शहर के अन्य सब्जी विक्रेता संगठनों का भी समर्थन मिला है। इनमें आकाशगंगा चिल्हर सब्जी विक्रेता संघ, नेताजी सुभाष मार्केट पावर हाउस सब्जी विक्रेता संघ, लक्ष्मी मार्केट सुपेला के चिल्हर विक्रेता तथा भिलाई के साप्ताहिक सब्जी बाजार शामिल हैं।
शहर की बढ़ती जरूरतों के बीच आकाशगंगा सब्जी मंडी का स्थानांतरण अब केवल व्यापारियों की मांग नहीं, बल्कि एक आवश्यक व्यवस्था बन गई है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस गंभीर मुद्दे पर कितनी शीघ्रता से निर्णय लेकर किसानों और व्यापारियों को राहत देता है।



