भिलाई। 02 मई, 2026, (सीजी संदेश) : भारतीय बौद्ध महासभा के तत्वाधान में डॉ. बाबासाहेब अंबेडकर संस्कृतिक भवन सेक्टर 6 भिलाई में बौद्ध समाज ने 01 मई को तथागत बुद्ध का जन्म दिवस मनाया। उपरोक्त कार्यक्रम में सुबह 9:00 बजे से समाज के सभी सदस्यों के द्वारा सामूहिक विपश्यना साधना एवं परित सूत पठन किया गया। तत्पश्चात संस्था में धम्म चर्चा की गई।
इस कार्यक्रम में संस्था के सदस्यों ने पंचशील धर्म तथा अष्टसील उपोषथ धर्म भी ग्रहण किया। पूजा वंदना की शुरुआत समाज के बच्चों के द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। सभी लोगों ने तथागत बुद्ध के चरणों में पुष्प अर्पण किया। बाबासाहेब डॉक्टर अंबेडकर के प्रतिमा पर भारतीय बौद्ध महासभा कार्यकारिणी के सभी सदस्य ने मिलकर के माल्यार्पण किया। संस्था परिसर में दोपहर 12:00 बजे से खीर पूरी सब्जी प्रसाद का वितरण किया गया। संस्था सदस्यों ने अष्टसील उपोषथ धारी को फलदान भोजन दान पानी दान दिया। उपरोक्त कार्यक्रम संस्था के उपाध्यक्ष रंजू खोबरागड़े के दिशा निर्देशन में सफलतापूर्वक संपादित किया गया। कार्यक्रम में धर्म चर्चा के लिए डॉक्टर नागवंशी, सुनंदा गजभिए, विजया जमुलकर का आवाहन किया गया। शाम 6:00 बजे से डॉ. बाबासाहेब अंबेडकर संस्कृतिक भवन सेक्टर 6 परिसर से संस्था के सदस्य कैंडल रैली लेकर बुद्ध भूमि कोसा नगर पहुंचे एवं बाबा साहेब डॉक्टर अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। तथागत बुद्ध को माल्यार्पण कर तिशरण पंचशील लिया गया। उपरोक्त कार्यक्रम में संस्था के सभी कार्यकारिणी सदस्य शामिल हुए। संस्था के युवा प्रकोष्ठ, महिला प्रकोष्ठ, एवं सलाहकार मंडल ने कार्यकारिणी के द्वारा बताए गए कार्यों का निर्वहन किया। उपरोक्त कार्यक्रम में भिलाई भर के बौद्ध समाज के लोगों ने बढ़-चढ़कर के हिस्सा लिया। संस्था के सभी सदस्यों ने एक दूसरे को तथागत बुद्ध के जन्मदिन की बधाई दी एवं एक दूसरे को मिठाई खिलाकर अभिनंदन किया।



