भिलाई। 28 जुलाई, 2026, (सीजी संदेश) : नगर पालिक निगम भिलाई के महापौर परिषद की बैठक महापौर नीरज पाल की अध्यक्षता एवं निगम आयुक्त सुरूचि सिंह की उपस्थिति में आयोजित की गई। बैठक में शहर के विकास एवं नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। महापौर परिषद द्वारा रोड चौड़ीकरण एवं सौंदर्यीकरण, स्ट्रीट लाइट संचालन एवं संधारण, खेल मैदान एवं कोर्ट के संचालन-रखरखाव, लाइब्रेरी एवं ऑक्सी रीडिंग जोन के संचालन उप अभियंता से सहायक अभियंता पद पर पदोन्नति सहित खुर्सीपार इंडोर स्टेडियम का रखरखाव सहित संचालन कार्य से संबंधित प्रस्तावों पर विचार करते हुए आवश्यक स्वीकृति एवं अनुशंसा प्रदान की गई।
बैठक में प्रथम चरण में मुख्यमंत्री नगरोत्थान योजना मद के अंतर्गत जोन क्रमांक 03 स्थित एसीसी चौक से पावर हाउस चौक तक नंदिनी रोड के चौड़ीकरण एवं सौंदर्यीकरण कार्य को लेकर चर्चा की गई। उक्त कार्य के लिए शासन द्वारा 2 करोड़ 90 लाख रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्राप्त हो चुकी है। इस कार्य के पूर्ण होने से मार्ग की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के साथ ही नागरिकों को आवागमन में सुविधा मिलने की उम्मीद है। इसी प्रकार निगम क्षेत्र में मार्ग प्रकाश व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए स्थापित स्ट्रीट लाइटों के वार्षिक संचालन, संधारण एवं रखरखाव कार्य पर भी चर्चा की गई। यह कार्य लगभग 1 करोड़ 99 लाख रुपये की लागत से कराया जाना प्रस्तावित है। स्ट्रीट लाइट व्यवस्था के नियमित संधारण से शहर के विभिन्न क्षेत्रों में बेहतर प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।
महापौर परिषद की बैठक में जोन क्रमांक 05 के विभिन्न वार्डों में नगर निगम भिलाई द्वारा निर्मित खेल मैदान एवं कोर्ट के संचालन तथा संधारण के संबंध में भी चर्चा की गई। इसके अलावा जोन क्रमांक 05 के वार्ड क्रमांक 60 में नवनिर्मित लाइब्रेरी एवं ऑक्सी रीडिंग जोन के संचालन, संधारण एवं रखरखाव के लिए रुचि की अभिव्यक्ति आमंत्रित किए जाने के संबंध में प्रस्ताव पर भी विचार किया गया। इन सुविधाओं के संचालन से क्षेत्र के नागरिकों, विद्यार्थियों एवं युवाओं को खेल तथा अध्ययन के लिए बेहतर वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल होगी। बैठक में निगम के उप अभियंता पद से सहायक अभियंता पद पर पदोन्नति से संबंधित विषय पर भी विस्तार से चर्चा की गई तथा नियमानुसार आवश्यक कार्यवाही के संबंध में प्रस्ताव पर विचार करते हुए महापौर परिषद के सदस्यों ने सभी कार्य कराने सर्व सम्मति से अनुशंसा किये। साथ ही जोन 4 अंतर्गत स्थित खुर्सीपार इंडोर स्टेडियम के प्रभावी संचालन हेतु निगम द्वारा आउटसोर्सिंग एजेंसी के माध्यम से सफाई, सुरक्षा एवं तकनीकी स्टाफ तैनात कर रखरखाव एवं संचालन हेतु रूचि की अभिव्यक्ति अंतर्गत नियम शर्ते बनाये जाने की स्वीकृति को महापौर परिषद के सदस्यों ने अपनी सहमति जताई।
बैठक में महापौर परिषद के प्रभारी सदस्य सीजू एंथोनी, लक्ष्मी पति राजू, संदीप निरंकारी, एकांश बंछोर, आदित्य सिंह, केशव चौबे, चंद्रशेखर गंवई, लालचंद वर्मा, मन्नान गफ्फार खान, अपर आयुक्त राजेन्द्र कुमार दोहरे, उपायुक्त नरेन्द्र कुमार बंजारे, दिनेश कोसरिया, अधीक्षण अभियंता वेशराम सिन्हा, जोन आयुक्त येशा लहरे, कुलदीप गुप्ता, कार्यपालन अभियंता संजय वर्मा, संजय अग्रवाल, अनिल सिंह, अरविंद शर्मा, नितेश मेश्राम, लेखाधिकारी चंद्रभूषण साहू सहित अन्य उपस्थित रहे।




