भिलाई। 06 जून, 2026, (सीजी संदेश) : विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर लीनेस क्लब भिलाई द्वारा पर्यावरण संरक्षण एवं हरित जीवनशैली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विशेष पौधारोपण अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत क्लब की सदस्यों ने अपने-अपने घरों में विभिन्न प्रकार के फलदार एवं छायादार पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
सदस्यों द्वारा आम, जामुन, नीम, पपीता, मधुकामिनी, मीठा नीम एवं पारिजात सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण किया गया। इस अवसर पर सदस्यों ने कहा कि पौधारोपण केवल एक सामाजिक दायित्व नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए आवश्यक कदम है। वृक्ष पर्यावरण को संतुलित बनाए रखने के साथ-साथ मानव जीवन के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। सदस्यों ने बताया कि पेड़-पौधे हमें जीवनदायिनी ऑक्सीजन प्रदान करते हैं, वातावरण में मौजूद हानिकारक कार्बन डाइऑक्साइड को अवशोषित करते हैं तथा तापमान को नियंत्रित कर जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने में सहायता करते हैं। वर्तमान में भीषण गर्मी को देखते हुए लगाए गए पौधों की विशेष देखभाल की जा रही है। वर्षा ऋतु के आगमन पर इन्हें उपयुक्त स्थानों पर स्थानांतरित कर ट्री गार्ड के माध्यम से सुरक्षित किया जाएगा, ताकि इनका समुचित विकास हो सके। कार्यक्रम के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता फैलाने का भी प्रयास किया गया। इस दौरान सदस्यों ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए नारा लगाया “एक पेड़ लगाइए, पर्यावरण को प्रदूषण मुक्त बनाइए।” लीनेस क्लब भिलाई ने नागरिकों से अधिक से अधिक पौधे लगाने एवं उनकी नियमित देखभाल करने की अपील करते हुए कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही स्वच्छ, हरित और प्रदूषणमुक्त पर्यावरण का निर्माण संभव है।




