भिलाई। 16अगस्त, 2026, (सीजी संदेश) : स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर लीनेस क्लब भिलाई द्वारा शहर के विभिन्न स्कूलों में ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान क्लब की सदस्यों ने बच्चों के साथ स्वतंत्रता दिवस की खुशियां साझा करते हुए उन्हें मिठाई के पैकेट और तिरंगे वितरित किए। नेहरू नगर पूर्व स्थित प्राथमिक शाला में ध्वजारोहण किया गया। इसके बाद बच्चों को मिठाई के पैकेट वितरित किए गए। नीता गुप्ता द्वारा बच्चों को मिठाई का वितरण किया गया तथा उन्हें राष्ट्रीय ध्वज भी प्रदान किए गए। इसी क्रम में शांति नगर स्कूल में भी ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किया गया। ध्वजारोहण के बाद विद्यार्थियों को मिठाई के पैकेट और तिरंगे वितरित किए गए। बच्चों में स्वतंत्रता दिवस को लेकर उत्साह देखने को मिला। लीनेस क्लब की सदस्यों ने प्रयास मूक-बधिर शाला पहुंचकर भी ध्वजारोहण किया। कार्यक्रम के बाद विद्यालय के विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। छात्रों द्वारा डंबल्स प्रस्तुति तथा छात्राओं द्वारा लेजिम की आकर्षक प्रस्तुति दी गई। इसके बाद छात्राओं ने मनमोहक नृत्य प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के बच्चों सहित उपस्थित सभी लोगों को मिठाई के पैकेट वितरित किए गए। इस अवसर पर लीनेस क्लब भिलाई की अध्यक्ष कल्पना श्रीवास्तव, सचिव मनीषा सिन्हा, कोषाध्यक्ष डॉ. मंजू तिवारी, प्रिया रस्तोगी, तृप्ता कैंबो, नूतन गांधोक, गीता मिश्रा, नीता गुप्ता, लता गायकवाड़, पुष्पा सिंह, अर्चना मिश्रा, स्नेहा शर्मा, सुषमा रंधावा, संगीता कौर एवं श्रद्धा राव सहित क्लब की अन्य सदस्य उपस्थित रहीं।



