भिलाई। 16अगस्त, 2026, (सीजी संदेश) : गुरु घासीदास सेवा समिति, सेक्टर-6 भिलाई के तत्वावधान में 80वां स्वतंत्रता दिवस राष्ट्रीय महापर्व के रूप में पूरे हर्षोल्लास, गरिमा और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। सतनाम भवन परिसर में आयोजित मुख्य समारोह के मुख्य अतिथि समिति के अध्यक्ष बी. एल. कुर्रे रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता रामजी गायकवाड़ ने की, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में समिति की उपाध्यक्ष उर्मिला भास्कर उपस्थित रहीं। इस अवसर पर डॉ. केशव प्रसाद देशलहरा की उपस्थिति भी रही। मुख्य अतिथि बी. एल. कुर्रे ने ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी। इसके पश्चात उपस्थित जनसमूह ने राष्ट्रगान के माध्यम से देश के वीर शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों को नमन किया। समारोह में उपस्थित समाजजनों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और प्रगति के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। इसी क्रम में 16 अगस्त को सतनाम भवन परिसर में समाज के महान मार्गदर्शक एवं पूर्व मंत्री स्वर्गीय दादा नकुल देव ढीढ़ी की 54वीं पुण्यतिथि श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा के मुख्य अतिथि प्रख्यात समाजसेवी भागवत बंजारे रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता समिति के अध्यक्ष बी. एल. कुर्रे ने की, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में टी. दास साहब उपस्थित रहे। डॉ. केशव प्रसाद देशलहरा की उपस्थिति में समाजजनों ने एकजुट होकर दादा नकुल देव ढीढ़ी को श्रद्धांजलि अर्पित की।
मंचासीन अतिथियों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने दादा नकुल देव ढीढ़ी के तैलचित्र पर दीप प्रज्वलित कर पुष्प अर्पित किए और उनके सामाजिक योगदान को स्मरण किया। मुख्य अतिथि भागवत बंजारे ने अपने उद्बोधन में दादा नकुल देव ढीढ़ी के जीवन दर्शन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उनका संपूर्ण जीवन त्याग, तपस्या और सामाजिक चेतना का जीवंत उदाहरण था। उन्होंने समाज को शिक्षित, संगठित और व्यसनमुक्त बनाने के लिए जो मार्ग दिखाया, वह आज भी समाज का मार्गदर्शन कर रहा है। बाबा गुरु घासीदास के संदेशों को जन-जन तक पहुंचाने में दादा जी का योगदान अतुलनीय रहा। उनके द्वारा दिखाए गए न्याय, समानता और सामाजिक जागरूकता के मार्ग पर चलना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे बी. एल. कुर्रे एवं विशिष्ट अतिथि टी. दास साहब ने भी दादा नकुल देव ढीढ़ी के ऐतिहासिक एवं अविस्मरणीय सामाजिक कार्यों को स्मरण करते हुए उनके योगदान को समाज के लिए प्रेरणास्रोत बताया।
दो दिवसीय इस आयोजन का कुशल संचालन समिति के महासचिव एन. आर. गिल्हरे ने किया। कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए आभार प्रदर्शन समिति के सचिव राजेन्द्र महिलांग ने किया। इस अवसर पर गुरु घासीदास सेवा समिति के पदाधिकारी, वरिष्ठ सदस्य, महिला विंग की कार्यकर्ताएं एवं बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।



