भिलाई। 10 जून, 2026, (सीजी संदेश) : समाजसेवा और जनकल्याण के क्षेत्र में सक्रिय लीनेस क्लब भिलाई द्वारा कातुल बोर्ड बस्ती में महिलाओं एवं कुपोषित बच्चियों के स्वास्थ्य संवर्धन के उद्देश्य से पौष्टिक खाद्य सामग्री का वितरण किया गया। यह कार्यक्रम क्लब के रीजन सिग्नेचर प्रोजेक्ट के अंतर्गत आयोजित किया गया, जिसे क्लब द्वारा प्रत्येक माह नियमित रूप से संचालित किया जाता है।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं तथा कुपोषण से प्रभावित बच्चियों को पोषणयुक्त खाद्य सामग्री प्रदान की गई। वितरित सामग्री में सत्तू आटा, बाजरा आटा, ज्वार आटा, मक्का आटा, रागी आटा, चना, सोया बड़ी, मूंग, बिस्किट, अंडा, केला, दही, दूध एवं विभिन्न प्रकार के ड्राई फ्रूट्स शामिल थे। क्लब की ओर से बताया गया कि इन खाद्य पदार्थों में प्रचुर मात्रा में प्रोटीन, कैल्शियम, आयरन और अन्य आवश्यक पोषक तत्व मौजूद होते हैं, जो बच्चों और महिलाओं के बेहतर स्वास्थ्य एवं शारीरिक विकास में सहायक हैं।
इस अवसर पर क्लब की अध्यक्ष कल्पना श्रीवास्तव ने कहा कि कुपोषण मुक्त समाज का निर्माण सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। नियमित रूप से ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों तक पौष्टिक आहार पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य में सकारात्मक सुधार लाया जा सके।
कार्यक्रम में पूनम आहूजा, पुष्पा सिंह, देवयानी चंद्राकर सहित क्लब की अन्य सदस्य भी उपस्थित रहीं। सभी सदस्यों ने लाभार्थियों को संतुलित आहार के महत्व की जानकारी देते हुए स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के प्रति बस्तीवासियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए लीनेस क्लब भिलाई के इस सराहनीय प्रयास की प्रशंसा की। क्लब ने भविष्य में भी इसी प्रकार के सामाजिक एवं स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम निरंतर संचालित करने का संकल्प व्यक्त किया।
[URIS id=9218]




