रायपुर। छत्तीसगढ़ के चित्रकोट में हुए विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस के राजमन बेंजाम ने अपने प्रतिद्वंदी भाजपा के लच्छूराम कश्यप को 17862 वोटों से मात दी। कांग्रेस के राजमन बेंजाम को 62097 मत मिले। वहीं भाजपा के लच्छूराम कश्यप को 44235 वोट मिले है। मतगणना शुरू होते ही पहले चरण से ही कांग्रेस उम्मीदवार रामजन बेंजाम ने बढ़त बनाना शुरू कर दिया था। यह बढ़त 17 चरणों में हुई वोटों की गिनती तक लगातार बनी रही। मतों का अंतर कम-ज्यादा जरूर हुआ, लेकिन बेंजाम बढ़त बनाए रहे। 9वें राउंड के बाद ही यह बढ़त इतनी ज्यादा हो गई कि भाजपा उम्मीदवार के लिए पार पाना मुश्किल हो गया।
बस्तर संभाग में भाजपा का सफाया हो गया है। बस्तर की 12 सीटें में कांग्रेस काबिज हो गई है। इससे पहले दंतेवाडा उपचुनाव में कांग्रेस की देवती कर्मा को जीत मिली थी। इस भूपेश सरकार की उपलब्धि माना जा रहा है। क्योंकि 9 माह पहले सत्ता में वापसी करने वाले कांग्रेस ने भाजपा को दो उपचुनाव में हरा लिया है। यहां तक कि नेताओं के बीच से यह प्रतिक्रिया आने लगी है कि लोगों ने भाजपा के 15 साल और रमन राज को पूरी तरह से नकार दिया है। यह पहला अवसर है कि चित्रकोट विधानसभा उपचुनाव में सभी पर्यवेक्षक और मतगणना अधिकारी महिलाएं थी जिन्होंने गिनती की है।
प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने चित्रकोट उपचुनाव जीतने पर बधाई देते हुये कहा कि बस्तर की सभी बाहर सीटों पर अब कांग्रेस का कब्जा हो गया है। दंतेश्वरी माई की जय दंतेश्वरी पूरे बस्तर की अधिष्ठात्री देवी है और समूचा बस्तर उन पर अगाध आस्था रखता है।
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विक्रय उसेंडी ने कहा कि कांग्रेस की जीत सरकारी मशीनरी के बेजा इस्तेमाल से किया गया है। इसे इंकार नहीं किया जा सकता। भारतीय जनता पार्टी चित्रकोट विधानसभा उपचुनाव में जनता ने जनादेश दिया है उसे स्वीकार करती है।
नेता प्रतिपक्ष धरम लाल कोशिक ने कहा कि कांग्रेस पार्टी को अहंकार से ऊपर उठकर प्रदेश के विकास और जनमानस की चिंता करनी चाहिये। प्रशासनिक तंत्र के सहारे भूपेश बघेल सरकार जीत हासिल करना बंद करें। यह ज्यादा दिन नहीं चलता। भाजपा मुक्त बस्तर का ढोल पीटकर आत्म मुग्ध न हो।