भिलाई। 25 जुलाई, 2026, (सीजी संदेश) : भिलाई नगर निगम आयुक्त सुरुचि सिंह द्वारा शनिवार को मॉर्निंग विजिट के दौरान शहर के विभिन्न वार्डों में संचालित विकास कार्यों एवं मूलभूत व्यवस्थाओं का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्यों में तेजी लाने और व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के कड़े निर्देश दिए।
निगम आयुक्त ने नेहरू भवन सुपेला का औचक निरीक्षण कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए । सब्जी मंडी में जल निकासी की समस्या को दूर करने के लिए ड्रेनेज सिस्टम का निरीक्षण किया और सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के निर्देश दिए। चंद्रा मौर्या के सामने निर्माणाधीन हाइजीनिक फूड जोन का अवलोकन कर निर्माण कार्य की प्रगति की समीक्षा करते हुए गुणवत्ता और स्वच्छता मानकों का विशेष ध्यान रखने को कहा। नव निर्मित ई-बस स्टैंड की व्यवस्थाओं और वार्ड 8 गांधी चौक क्षेत्र की सुविधाओं का जायज़ा लिया। स्मृति नगर वार्ड 2 स्थित ड्रेनेज व्यवस्था का निरीक्षण कर जलभराव की स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिये । प्रधानमंत्री आवास योजना अंतर्गत आवासों में हितग्राहियों को दी जा रही मूलभूत सुविधाओं एवं परिसर की व्यवस्थाओं का अवलोकन किया गया। आयुक्त ने निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी विकास कार्यों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण किया जाए और आम नागरिकों को मूलभूत सुविधाओं में किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।




