भिलाई। 25 जुलाई, 2026, (सीजी संदेश) : नगर निगम भिलाई की नवनियुक्त आयुक्त आईएएस सुरुचि सिंह ने शनिवार को आकाशगंगा थोक सब्जी मंडी का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मंडी परिसर में सड़क, नाली, प्रकाश व्यवस्था सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सुधार कार्य जल्द शुरू करने के निर्देश दिए।
बताया गया कि इससे पूर्व आकाशगंगा थोक विक्रेता संघ के प्रतिनिधिमंडल ने आयुक्त से भेंट कर मंडी में लंबे समय से व्याप्त समस्याओं के समाधान के लिए ज्ञापन सौंपा था तथा उन्हें मंडी का निरीक्षण करने के लिए आमंत्रित किया था। इसी क्रम में आयुक्त ने मंडी पहुंचकर व्यापारियों की समस्याएं सुनीं और मौके पर ही अधिकारियों को शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान आयुक्त सुरुचि सिंह ने व्यापारियों को आश्वस्त किया कि आकाशगंगा थोक सब्जी मंडी को राधिका नगर में चिन्हित स्थल पर स्थानांतरित करने की प्रक्रिया को शासन-प्रशासन द्वारा प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर मंडी को जल्द से जल्द नए स्थान पर व्यवस्थित रूप से स्थानांतरित करने का प्रयास किया जाएगा। आयुक्त के इस दौरे से मंडी के व्यापारियों में उम्मीद जगी है कि वर्षों से लंबित बुनियादी समस्याओं का समाधान अब तेजी से होगा और भविष्य में नए स्थल पर बेहतर सुविधाओं के साथ व्यापार संचालित किया जा सकेगा।




