भिलाई। 07 जुलाई, 2026, (सीजी संदेश) : दुर्ग पुलिस ने जिले में सूखे नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए भिलाई के नेहरू नगर फ्लाईओवर के नीचे प्रतिबंधित नशीली दवा अल्प्राजोलम बेच रहे तीन आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 840 नशीली टैबलेट, तीन मोबाइल फोन और बिक्री की 1,600 रुपये की नकदी जब्त की है। तीनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। दुर्ग पुलिस का कहना है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार पर लगातार सख्त अभियान जारी रहेगा और ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाएगी।
दिनांक 06 जुलाई को थाना सुपेला में प्रातः लगभग 10:10 बजे मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि नेहरू नगर भिलाई चौक फ्लाईओवर ब्रिज के नीचे तीन व्यक्ति प्रतिबंधित नशीली दवाई अल्प्राजोलम की अवैध बिक्री कर रहे हैं। सूचना पर तत्काल पुलिस टीम द्वारा मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की गई तथा तीनों संदेहियों को पकड़ा गया।
पूछताछ एवं तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से एक काले रंग के बैग में रखी कुल 56 स्ट्रिप (840 नग) अल्प्राजोलम 0.5 एम.जी. नशीली टैबलेट, 03 मोबाइल फोन तथा बिक्री की नगदी रकम 1,600 रुपये बरामद कर जप्त की गई। मामले में थाना सुपेला में धारा 22, 8(क), 27(क) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया तथा न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक रिमाण्ड पर भेजा गया।
▪️ घटना स्थल :
नेहरू नगर भिलाई चौक फ्लाईओवर ब्रिज के नीचे, थाना सुपेला, जिला दुर्ग।
▪️ आरोपी का नाम :
1. अमन खान उर्फ अमन रक्सेल, उम्र 23 वर्ष।
2. अमर साहू, उम्र 24 वर्ष।
3. पंकज उर्फ भक्का विश्वकर्मा, उम्र 21 वर्ष।
▪️ जप्त सामग्री :
1. 56 स्ट्रिप (कुल 840 नग) अल्प्राजोलम 0.5 एम.जी. नशीली टैबलेट।
2. 03 नग मोबाइल फोन।
3. नगदी रकम ₹1,600/-।
▪️ सराहनीय भूमिका :
उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी सुपेला अम्बर भारद्वाज, उप निरीक्षक चितराम ठाकुर, आरक्षक सूर्यप्रताप सिंह एवं मिथलेश साहू की सराहनीय भूमिका रही।
▪️ दुर्ग पुलिस की अपील :
दुर्ग पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि प्रतिबंधित मादक पदार्थों एवं नशीली दवाइयों के अवैध कारोबार की सूचना तत्काल पुलिस को दें। समाज को नशामुक्त बनाने में नागरिकों का सहयोग अत्यंत महत्वपूर्ण है। ऐसे अपराधों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।




