दुर्ग। 07 जून, 2026, (सीजी संदेश) : सेवा सहकारी समिति रौंदा में 15 लाख रुपये से अधिक के धान एवं बारदाना गबन मामले में सहकारी समिति प्रभारी को थाना धमधा गिरफ्तार किया है। सेवा सहकारी समिति मर्यादित रौंदा में आकस्मिक जांच एवं भौतिक सत्यापन के दौरान शासकीय धान एवं बारदाना की बड़ी मात्रा कम पाए गए। जांच में दस्तावेजों के अनुसार उपलब्ध होने योग्य धान की तुलना में 560.28 क्विंटल धान एवं 2103 नग नया बारदाना कम पाया गया, जिसकी कुल अनुमानित कीमत 15,08,161 रुपये है। विवेचना के दौरान आरोपी प्रभारी से पूछताछ की गई, जिसमें शासकीय संपत्ति के अभाव एवं अनियमितता के संबंध में तथ्य सामने आने पर विधिवत गिरफ्तार किया गया। आरोपी द्वारा शासकीय कार्य में धोखाधड़ी कर शासन को आर्थिक क्षति पहुंचाने के संबंध में अपराध दर्ज कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेजा गया। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार प्रार्थी द्वारा थाना धमधा में प्रस्तुत आवेदन के आधार पर सेवा सहकारी समिति मर्यादित रौंदा के आकस्मिक निरीक्षण एवं भौतिक सत्यापन संबंधी जांच रिपोर्ट प्रस्तुत की गई। जांच खाद्य विभाग, सहकारिता विभाग एवं जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के संयुक्त जांच दल द्वारा की गई थी। जांच प्रतिवेदन के अनुसार खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में समिति द्वारा कुल 73,952.80 क्विंटल धान का उपार्जन किया गया था। अभिलेखों के अनुसार धान की उपलब्ध मात्रा एवं वास्तविक भौतिक सत्यापन में भारी अंतर पाया गया। मौके पर किए गए सत्यापन में कुल 560.28 क्विंटल धान तथा 2103 नग नया बारदाना कम पाया गया, जिसकी कुल कीमत लगभग 15,08,161 रुपये आंकी गई। जांच प्रतिवेदन के आधार पर थाना धमधा में धारा 316(5), 318(1) भारतीय न्याय संहिता के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया गया। विवेचना के दौरान गवाहों के कथन एवं उपलब्ध दस्तावेजी साक्ष्यों के आधार पर समिति प्रभारी को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की गई। पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।
▪️ घटना का कारण :
समिति में संधारित अभिलेखों एवं वास्तविक भंडारित शासकीय धान तथा बारदाना के मध्य पाए गए अंतर के कारण शासकीय संपत्ति के गबन एवं धोखाधड़ी का मामला प्रकाश में आया।
▪️ घटनास्थल :
सेवा सहकारी समिति मर्यादित रौंदा एवं उपार्जन केन्द्र रौंदा, थाना धमधा, जिला दुर्ग।
▪️ आरोपी का विवरण :
1. जगदीश कुमार नवरंगे, उम्र 60 वर्ष, निवासी पेंड्रावन, थाना धमधा, जिला दुर्ग।
▪️ जप्त सामग्री :
1. धान खरीदी एवं भंडारण संबंधी दस्तावेज एवं अभिलेख।
2. प्रकरण से संबंधित जांच प्रतिवेदन एवं अन्य दस्तावेजी साक्ष्य।
▪️ सराहनीय भूमिका :
थाना धमधा पुलिस द्वारा प्रकरण में त्वरित विवेचना करते हुए जांच प्रतिवेदन, दस्तावेजी साक्ष्य एवं गवाहों के कथनों के आधार पर आरोपी की गिरफ्तारी सुनिश्चित की गई।
▪️ दुर्ग पुलिस की अपील :
शासकीय संपत्ति, सार्वजनिक धन एवं सहकारी संस्थाओं से संबंधित किसी भी प्रकार की अनियमितता अथवा आर्थिक अपराध की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस एवं संबंधित विभाग को सूचित करें। आर्थिक अपराधों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।




