भिलाई। 28 नवम्बर, 2026, (सीजी संदेश) : पीएमश्री केद्रीय विद्यालय, बी.एम.वाई., भिलाई द्वारा दिनांक 28 नवंबर को सामुदायिक सहभागिता (Community Participation) कार्यक्रम के अंतर्गत जरूरतमंदों एवं बुजुर्गों के सहायतार्थ कंबल वितरण अभियान का आयोजन किया गया। इस पुनीत कार्य के अंतर्गत विद्यालय परिवार द्वारा पुलगांव (दुर्ग) स्थित वृद्धाश्रम तथा चरोदा स्थित साईं धाम के समीप निवासरत बुजुर्गों एवं असहाय लोगों को कंबल वितरित किए गए, ताकि शीत ऋतु में उन्हें राहत मिल सके। इस सेवा कार्य में विद्यालय के वरिष्ठ शिक्षक के. नायक, श्रीमती आर. पी. सेहमी, श्रीमती मनीषा के. आर., श्रीमती दीपिका प्रधान एवं बी. रवींद्र कुमार सहित विद्यालय के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सभी शिक्षकों और विद्यार्थियों ने बुजुर्गों से आत्मीय भेंट कर उनका कुशलक्षेम जाना और कंबल भेंट किए।
विद्यालय द्वारा आयोजित यह पहल विद्यार्थियों में सामाजिक उत्तरदायित्व, संवेदनशीलता तथा मानव सेवा की भावना को विकसित करने की दिशा में एक सराहनीय कदम है।


