दुर्ग। 18 जून, 2026, (सीजी संदेश) : दिनांक 17 जून की शाम दुर्ग जिले में अचानक आए तेज आंधी-तूफान एवं भारी वर्षा के कारण जिले के विभिन्न शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में जनजीवन प्रभावित हुआ। तेज हवाओं के कारण अनेक स्थानों पर बड़े पेड़ एवं उनकी शाखाएं सड़कों पर गिर गईं, जिससे यातायात बाधित हो गया तथा आम नागरिकों को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।लगातार वर्षा एवं कई स्थानों पर विद्युत आपूर्ति प्रभावित होने के कारण दृश्यता कम हो गई थी। इस दौरान कुछ वाहन सड़क का सही अनुमान नहीं लगा सके और डिवाइडरों पर चढ़ गए, जिससे दुर्घटना एवं यातायात जाम की स्थिति निर्मित होने लगी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए यातायात पुलिस दुर्ग द्वारा तत्काल सक्रियता दिखाते हुए जिले के प्रमुख चौक-चौराहों एवं संवेदनशील मार्गों पर पुलिस बल को तैनात किया गया। सूचना प्राप्त होते ही यातायात पुलिस की टीमें प्रभावित स्थलों पर पहुंचीं तथा राहत एवं यातायात प्रबंधन कार्य प्रारंभ किया।यातायात पुलिस कर्मियों ने नगर निगम, स्थानीय प्रशासन एवं आम नागरिकों के सहयोग से सड़क पर गिरे पेड़ों एवं अन्य अवरोधों को हटाने का कार्य किया। कई स्थानों पर क्रेन एवं अन्य संसाधनों की सहायता से मार्गों को यातायात हेतु सुरक्षित बनाया गया। डिवाइडरों पर चढ़े एवं क्षतिग्रस्त वाहनों को भी सुरक्षित हटाकर यातायात व्यवस्था को शीघ्र सामान्य किया गया। जलभराव वाले क्षेत्रों में स्टॉपर लगाकर वाहन चालकों को सुरक्षित मार्गों की जानकारी दी गई तथा दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी गई। प्रतिकूल मौसम के बावजूद यातायात पुलिस के अधिकारी एवं कर्मचारी देर रात तक लगातार फील्ड में उपस्थित रहकर नागरिकों को राहत पहुंचाने एवं यातायात व्यवस्था बनाए रखने में जुटे रहे। त्वरित कार्रवाई के परिणामस्वरूप अधिकांश प्रभावित मार्गों पर कम समय में यातायात पुनः सुचारू कर दिया गया।
▪️ सराहनीय भूमिका :
उक्त राहत एवं यातायात प्रबंधन कार्य में यातायात पुलिस दुर्ग के अधिकारी एवं कर्मचारियों द्वारा विषम परिस्थितियों में सतत उपस्थित रहकर उत्कृष्ट कार्य किया गया। पुलिस बल ने नगर निगम एवं स्थानीय प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित करते हुए मार्गों को शीघ्र सुचारू करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
▪️ दुर्ग पुलिस की अपील :
दुर्ग यातायात पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि आंधी-तूफान एवं भारी वर्षा के दौरान वाहन सावधानीपूर्वक चलाएं, गति नियंत्रित रखें तथा जलभराव वाले मार्गों में विशेष सतर्कता बरतें। पेड़ों, विद्युत खंभों एवं क्षतिग्रस्त संरचनाओं से सुरक्षित दूरी बनाए रखें। किसी भी सड़क अवरोध, दुर्घटना अथवा आपात स्थिति की सूचना तत्काल पुलिस एवं संबंधित विभाग को दें, ताकि समय पर आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा सके।




