भिलाई। 08 अक्टूबर, 2026, (सीजी संदेश) : प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भिलाई-3 चरोदा के अंतर्गत सेवा संकल्प अभियान के तहत स्वास्थ्य एवं रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का आयोजन खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. भुवनेश्वर कुमार कठौतिया एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भिलाई-3 चरोदा के चिकित्सक अधिकारी डॉ. शिखर अग्रवाल के संयुक्त मार्गदर्शन में हुआ।
बीईटीओ सैय्यद असलम ने बताया कि शिविर में लोगों को रक्तदान के महत्व की जानकारी दी गई। इस दौरान स्वयं डॉ. शिखर अग्रवाल ने रक्तदान कर लोगों को प्रेरित किया। शिविर में कुल 8 लोगों ने रक्तदान किया, जबकि 16 लोगों ने नेत्रदान के लिए संकल्प पत्र भरा। स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान के अंतर्गत 12 महिलाओं का रक्त परीक्षण किया गया। वहीं प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र के माध्यम से 15 हितग्राहियों को जेनेरिक दवाएं उपलब्ध कराई गईं। टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत हैंड हेल्ड एक्स-रे के माध्यम से 66 हितग्राहियों का नि:शुल्क एक्स-रे किया गया। जिला अस्पताल की ब्लड बैंक टीम में डॉ. चुरेंद्र, वरिष्ठ पैथोलॉजी विशेषज्ञ एवं उनकी टीम ने रक्तदाताओं का एचबी, बीपी एवं शुगर लेवल जांचा तथा रक्तदान के महत्व की जानकारी दी। शिविर में बीईटीओ सैय्यद असलम ने नेत्रदान के महत्व की जानकारी देते हुए बताया कि मृत्यु के दो घंटे के भीतर विशेषज्ञ टीम द्वारा नेत्र निकाले जाकर नेत्र बैंक में सुरक्षित रखे जाते हैं, जिनका उपयोग नेत्र ज्योति खो चुके लोगों के जीवन में फिर से उजाला लाने के लिए किया जाता है। खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. भुवनेश्वर कुमार कठौतिया ने लोगों को रक्तदान के लिए प्रेरित किया। वहीं आरएचओ सिरसा कला देवेंद्र राजपूत ने तीन व्यक्तियों को रक्तदान के लिए प्रेरित कर उनका रक्तदान करवाया। कार्यक्रम में एलएचवी श्रीमती आर. विश्वास, लैब टेक्नीशियन रोशन सिंह, आईडी चंद्राकर, निवेश प्रधान, नारायण साहू, डुमेश्वर यादव, तुषाल भार्गव, डॉ. अर्चना पांडेय, डॉ. चुरेंद्र, फार्मासिस्ट श्रीमती स्मिता बागड़े, तृप्ति चंद्राकर, श्रीमती पी. स्वामी, श्रीमती उषा वर्मा, श्रीमती शांता चक्रवर्ती, संजय सेन, श्रीमती लीलावती बंजारे सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित थे।



