हममें से हर व्यक्ति के पास एक दिन में 24 घंटे होते हैं। चाहे वह विद्यार्थी हो या बुजुर्ग, गृहिणी हो या नौकरीपेशा, व्यवसायी हो या किसी अन्य काम से जुड़ा व्यक्ति, समय किसी को कम या ज्यादा नहीं मिलता। फिर भी कुछ लोग अपने काम, परिवार, स्वास्थ्य और आराम के बीच बेहतर संतुलन बना लेते हैं, जबकि कुछ लोगों को हमेशा लगता रहता है कि समय कम पड़ रहा है। समय को बचाया नहीं जा सकता, जमा नहीं किया जा सकता और बीता हुआ समय वापस नहीं लाया जा सकता। इसलिए समय प्रबंधन का अर्थ घड़ी की सुइयों को नियंत्रित करना नहीं, बल्कि अपने उपलब्ध समय का सही उपयोग करना है।
हम अक्सर कहते हैं कि हमारे पास समय नहीं है। काम बहुत हैं, जिम्मेदारियाँ बहुत हैं और दिन छोटा पड़ जाता है। लेकिन जरा सोचिए, दुनिया के हर व्यक्ति को एक दिन में 24 घंटे ही मिलते हैं। किसी को एक घंटा अधिक नहीं मिलता और किसी से एक घंटा कम नहीं लिया जाता। फिर सवाल यह है कि कुछ लोग अपने काम, परिवार, स्वास्थ्य और सपनों के लिए समय कैसे निकाल लेते हैं और कुछ लोग लगातार समय की कमी से क्यों जूझते रहते हैं? असल में समस्या हमेशा समय की कमी नहीं होती, बल्कि कई बार समय के सही उपयोग और सही प्राथमिकता तय न कर पाने की होती है। समय प्रबंधन केवल यह तय करना नहीं है कि सुबह कब उठना है और रात को कब सोना है। यह उससे कहीं बड़ा विषय है। इसमें यह समझना भी शामिल है कि हमारे जीवन में वास्तव में महत्वपूर्ण क्या है, हमें कहाँ पहुँचना है और वहाँ पहुँचने के लिए आज के समय का कितना और किस तरह उपयोग करना है। तो आइए, सबसे पहले समझते हैं कि समय की कीमत क्या है, जीवन की प्राथमिकताएँ कैसे तय करें और अपने भविष्य के लिए एक लंबी अवधि की दिशा कैसे निर्धारित करें।
समय की कीमत पहचानिए
जिस चीज की कीमत हम जानते हैं, उसे हम बेवजह खर्च नहीं करते। पैसा खर्च करने से पहले हम सोचते हैं, लेकिन समय को कई बार बिना सोचे खर्च कर देते हैं।
अनावश्यक बातचीत, बिना उद्देश्य मोबाइल देखना, काम को बार-बार टालना, बिना योजना के दिन गुजारना या ऐसे कामों में घंटों लगा देना जिनका हमारे जीवन के लक्ष्य से कोई संबंध नहीं है—इन सबमें हम वास्तव में अपना जीवन का समय खर्च कर रहे होते हैं। पैसा खो जाए तो मेहनत करके दोबारा कमाया जा सकता है। कोई वस्तु खो जाए तो उसे फिर खरीदा जा सकता है। लेकिन जो समय बीत गया, वह किसी कीमत पर वापस नहीं आता। इसलिए समय की कीमत समझना समय प्रबंधन की पहली सीढ़ी है। हमें हर पल काम करते रहने की जरूरत नहीं है, लेकिन इतना जरूर समझना चाहिए कि हमारा समय कहाँ जा रहा है और क्या वह हमारे जीवन के लिए वास्तव में महत्वपूर्ण है। समय की कीमत पहचानने वाला व्यक्ति धीरे-धीरे अपने समय की प्राथमिकता भी पहचानने लगता है।
पहले अपनी प्राथमिकताएँ और लॉन्ग टर्म प्लान तय करें
दैनिक समय प्रबंधन शुरू करने से पहले यह तय करना जरूरी है कि हम अपने जीवन में करना क्या चाहते हैं। हर व्यक्ति की प्राथमिकताएँ अलग हो सकती हैं। किसी के लिए शिक्षा और करियर महत्वपूर्ण हो सकता है, किसी के लिए व्यवसाय, किसी के लिए विवाह और परिवार, किसी के लिए अपना घर, बच्चों का भविष्य, आर्थिक सुरक्षा, स्वास्थ्य या सेवानिवृत्ति की तैयारी। इनमें से किसे पहले करना है और किसे बाद में, इसका कोई एक नियम सभी पर लागू नहीं हो सकता। इसलिए अपनी परिस्थितियों, क्षमता और इच्छाओं के अनुसार जीवन की महत्वपूर्ण प्राथमिकताओं की एक सूची बनाना जरूरी है। इसके बाद अपने सामने एक लंबी अवधि की दिशा रखें. “मैं अगले कुछ वर्षों में कहाँ पहुँचना चाहता हूँ? मुझे किन लक्ष्यों के लिए आज से तैयारी करनी चाहिए? कौन-से काम अभी जरूरी हैं और कौन-से बाद में किए जा सकते हैं?” यह किसी निश्चित उम्र में शादी करने, घर बनाने या रिटायर होने का नियम नहीं है। इसका उद्देश्य केवल इतना है कि जीवन के बड़े फैसले बिना दिशा और बिना तैयारी के न हों।याद रखिए : —
जिस व्यक्ति को अपनी प्राथमिकताएँ और मंजिल पता होती है, वह अपने समय को उसी दिशा में लगाता है। और फिर उसी बड़े लक्ष्य को छोटे-छोटे दैनिक कामों में बाँटना आसान हो जाता है। क्योंकि लंबी दूरी की यात्रा भी एक-एक कदम से पूरी होती है और जीवन के बड़े लक्ष्य भी एक-एक दिन के सही उपयोग से पूरे होते हैं। अब सवाल है कि, अपने जीवन की दिशा और प्राथमिकताएँ तय करने के बाद हम अपने रोज के 24 घंटों को बेहतर तरीके से कैसे व्यवस्थित करें? आइए, जानते हैं समय प्रबंधन के कुछ ऐसे सरल नियम, जो विद्यार्थी, गृहिणी, नौकरीपेशा, व्यवसायी और हर उम्र के व्यक्ति के लिए उपयोगी हो सकते हैं।
कल क्या करना है, यह आज ही तय करें
अच्छे समय प्रबंधन की शुरुआत सुबह नहीं, बल्कि पिछली रात से हो सकती है। सोने से पहले अगले दिन किए जाने वाले जरूरी कामों की एक छोटी-सी सूची बना लें। इससे सुबह उठते ही यह सोचने में समय नहीं जाएगा कि आज क्या करना है। अपने काम, जिम्मेदारियों और उपलब्ध समय के अनुसार दिन की प्राथमिकताएं पहले से तय रहेंगी।
जागने से सोने तक अपनी दिनचर्या व्यवस्थित करें
समय प्रबंधन केवल काम करने का नाम नहीं है। सुबह उठने का समय, व्यक्तिगत स्वच्छता, व्यायाम या टहलना, नाश्ता, काम या पढ़ाई, परिवार के लिए समय, भोजन, आराम और रात को सोने का समय. इन सबका संतुलन जरूरी है। हर व्यक्ति की दिनचर्या अलग हो सकती है, लेकिन एक निश्चित और संतुलित दिनचर्या शरीर और मन दोनों को व्यवस्थित रखने में मदद करती है।
जरूरी काम पहले करें
हर काम समान महत्व का नहीं होता। इसलिए दिन के कामों में यह पहचानना सीखें कि कौन-सा काम जरूरी है, कौन-सा महत्वपूर्ण है और कौन-सा बाद में किया जा सकता है। जरूरी काम को टालते रहने से तनाव बढ़ता है और कई बार वही काम बाद में अधिक समय लेने लगता है।
एक समय में एक महत्वपूर्ण काम पर ध्यान दें
एक साथ कई काम करने की कोशिश हमेशा समय बचाने वाली नहीं होती। बार-बार एक काम से दूसरे काम पर ध्यान ले जाने से एकाग्रता टूटती है और काम पूरा करने में अपेक्षा से अधिक समय लग सकता है। इसलिए संभव हो तो एक समय में एक महत्वपूर्ण काम को पूरा करने पर ध्यान दें।
मोबाइल और संदेशों को नियंत्रित करें, उनसे दूरी नहीं
आज मोबाइल हमारे जीवन का जरूरी हिस्सा है। काम, व्यवसाय, परिवार और आपात परिस्थितियों से जुड़े महत्वपूर्ण संदेश और ईमेल समय पर देखना जरूरी हो सकता है। इसलिए समाधान यह नहीं है कि काम के दौरान मोबाइल को पूरी तरह दूर कर दिया जाए। जरूरत यह है कि जरूरी और गैर-जरूरी संदेशों में अंतर करना सीखा जाए। जरूरी संदेशों पर नजर रखें और जिन्हें तत्काल जवाब की आवश्यकता नहीं है, उन्हें निर्धारित समय पर देखें। अनावश्यक फॉरवर्ड, लगातार आने वाली सूचनाओं और मनोरंजन के लिए अलग समय निर्धारित किया जा सकता है। समय प्रबंधन का अर्थ मोबाइल से दूरी बनाना नहीं, बल्कि मोबाइल को अपने समय का मालिक बनने से रोकना है।
अपने समय में दूसरों के लिए भी जगह रखें
समय प्रबंधन का मतलब यह नहीं कि दिन का हर मिनट काम में लगा दिया जाए। परिवार, मित्रों, आराम, भोजन, नींद और अपने मन को शांत रखने के लिए समय निकालना भी जरूरी है। लगातार काम करते रहना उत्पादकता की निशानी नहीं है। पर्याप्त आराम और संतुलित जीवन ही लंबे समय तक बेहतर काम करने की क्षमता देता है।
रात को दो मिनट अपने दिन का हिसाब करें
दिन खत्म होने पर खुद से केवल दो सवाल पूछें :—
आज मेरा समय सबसे अच्छे काम में कहाँ लगा?
और आज मेरा समय कहाँ अनावश्यक रूप से चला गया?
हर दिन इन दो सवालों के जवाब तलाशने वाला व्यक्ति धीरे-धीरे अपने समय की वास्तविक कीमत समझने लगता है।
आखिर समय प्रबंधन है क्या?
समय प्रबंधन का अर्थ यह नहीं कि हम दिनभर घड़ी देखते रहें या हर मिनट को काम से भर दें। इसका वास्तविक अर्थ है :—
जरूरी काम को सही समय पर करना, गैर-जरूरी काम को पहचानना, अपने स्वास्थ्य और रिश्तों के लिए समय निकालना और अपने दिन को बिना दिशा के गुजरने न देना।
याद रखिए :—
समय सबको बराबर मिलता है।
फर्क इस बात से पड़ता है कि हम उसे खर्च कैसे करते हैं। आज से समय को केवल गुज़रते हुए देखने के बजाय उसे अपनी प्राथमिकताओं के अनुसार इस्तेमाल करना शुरू कीजिए। शायद जीवन बदलने के लिए हमें ज्यादा समय की नहीं, उपलब्ध समय को बेहतर ढंग से जीने की जरूरत है।
समय की कीमत पहचानिए, क्योंकि बीता हुआ समय कभी वापस नहीं आता। जीवन की प्राथमिकताएँ और लक्ष्य तय कर अपने हर दिन को सही दिशा दीजिए। जरूरी काम को समय दीजिए और गैर-जरूरी चीजों में अपना समय न गँवाइए। याद रखिए, समय का सही प्रबंधन, बेहतर जीवन की पहली सीढ़ी है।



