दुर्ग। 24 अगस्त, 2026, (सीजी संदेश) : यातायात पुलिस दुर्ग द्वारा पुलिस उपमहानिरीक्षक/वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्ग के निर्देशन में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं यातायात नियमों का प्रभावी रूप से पालन सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से जिले में लगातार विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में दिनांक 23 अगस्त की रात्रि 06:00 बजे से 12:00 बजे तक जिले के 16 चिन्हित स्थानों पर यातायात पुलिस द्वारा विशेष चेकिंग पॉइंट लगाए गए। चेकिंग के दौरान बिना हेलमेट, दो पहिया में तीन सवारी , बिना नंबर प्लेट सहित शराब सेवन कर वाहन चलाने वालों की जांच की गई। अभियान के दौरान शराब सेवन कर वाहन चलाने वाले 15 वाहन चालकों के विरुद्ध कार्यवाही की गई। इसके अलावा तीन सवारी वाहन चलाने वाले 87, बिना नंबर वाहन चलाने वाले 15 तथा बिना हेलमेट वाहन चलाने वाले 227 वाहन चालकों के विरुद्ध कार्यवाही की गई। विशेष चेकिंग अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले अन्य वाहन चालकों को भी नियमों का पालन करने की समझाइश दी गई। अभियान में कुल 446 वाहनों पर कार्रवाई की गई।
अपील :- यातायात पुलिस दुर्ग द्वारा आम नागरिकों से अपील की गई है कि वाहन चलाते समय यातायात नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करें। दोपहिया वाहन चालक हेलमेट का उपयोग करें, निर्धारित क्षमता से अधिक सवारी न बैठाएं तथा शराब सेवन कर वाहन बिल्कुल न चलाएं। यातायात नियमों का पालन स्वयं की एवं अन्य सड़क उपयोगकर्ताओं की सुरक्षा के लिए आवश्यक है।



