भिलाई। 14 सितंबर, 2026, (सीजी संदेश) : विजय चौक स्टेशन मरोदा स्थित कार्यालय के सामने खड़ी गाड़ी से 10 सितंबर की रात्रि करीब ₹60,000 मूल्य के लोहे के विभिन्न सामान चोरी किए गए थे। प्रार्थी जयप्रकाश साव की रिपोर्ट पर थाना नेवई में प्रकरण दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई। पुलिस टीम ने क्षेत्र में लगातार पतासाजी कर अपचारी बालक को पकड़ा, जिसने एक अन्य साथी के साथ मिलकर चोरी करना बताया। अपचारी बालक की निशानदेही पर 06 नग पुराने बोरवेल के लोहे के रॉड, 03 नग लोहे के बोल्ट एवं 01 नग लोहे का पाना बरामद कर विधिवत अभिरक्षा में लेकर किशोर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
प्रार्थी जयप्रकाश साव, उम्र 29 वर्ष, निवासी उमरपोटी रोड, विजय चौक, स्टेशन मरोदा, थाना नेवई, जिला दुर्ग द्वारा रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि दिनांक 10 सितंबर को शाम करीब 07:00 बजे उसने वाहन में रखे लोहे के रॉड, हैमर गाइड, ग्रीपर, लोहे का पाना, हैमर बीट एवं अन्य सामान वाहन से निकालकर अपने कार्यालय के सामने रखा था। दिनांक 11 सितंबर को दोपहर करीब 01:00 बजे कार्यालय पहुंचने पर उक्त सामान गायब मिला, जिसकी कुल कीमत करीब ₹60,000/- थी। रिपोर्ट पर थाना नेवई में धारा 303(2), 3(5) बीएनएस पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। विवेचना के दौरान प्रार्थी एवं गवाहों के कथन लेखबद्ध कर घटनास्थल का निरीक्षण एवं मौका नक्शा तैयार किया गया। अज्ञात आरोपी की पतासाजी के दौरान नेवई क्षेत्र में अपचारी बालक की पहचान कर पूछताछ की गई। पूछताछ में उसने एक अन्य साथी के साथ मिलकर चोरी करना बताया। अपचारी बालक के मेमोरेण्डम के आधार पर उसकी निशानदेही से चोरी की सामग्री उमरपोटी रोड, स्टेशन मरोदा, विजय चौक के पास डबरी से बरामद कर विधिवत जप्त की गई। अपचारी बालक को दिनांक 13 सितंबर को विधिवत अभिरक्षा में लेकर किशोर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया। प्रकरण में अन्य आरोपी की पतासाजी जारी है।
मॉडस ऑपरेंडी (अपराध करने का तरीका)
अपचारी बालक द्वारा अपने साथी के साथ मिलकर वाहन में रखे लोहे के सामान को चोरी कर विजय चौक स्टेशन मरोदा के पास डबरी में बिक्री के उद्देश्य से छिपाकर रखा गया था।
घटना स्थल
विजय चौक, स्टेशन मरोदा, थाना नेवई क्षेत्र, जिला दुर्ग।
आरोपी का नाम
अपचारी बालक — विधि अनुसार पहचान संबंधी अन्य विवरण सार्वजनिक नहीं किया जा रहा है।
जप्त सामग्री
1. 06 नग पुराने बोरवेल के लोहे के रॉड।
2. 03 नग लोहे के बोल्ट।
3. 01 नग लोहे का पाना।
सराहनीय कार्य
उक्त कार्यवाही में निरीक्षक अनिल कुमार साहू, प्रशिक्षु उप निरीक्षक जयप्रकाश खाण्डेकर, प्रधान आरक्षक नंदलाल सिंह, आरक्षक रवि बिसाई, आरक्षक शाहबाज खान एवं आरक्षक विजय कुर्रे का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
दुर्ग पुलिस की अपील
दुर्ग पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि अपने वाहनों एवं कार्यालयों में रखी सामग्री की सुरक्षा के लिए आवश्यक सावधानी बरतें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल निकटतम थाना या पुलिस को दें। चोरी अथवा अन्य अपराध की सूचना मिलने पर पुलिस को तत्काल सूचित कर विवेचना में सहयोग करें।



