दुर्ग 26 सितम्बर 2026। लगातार हो रही बारिश और शिवनाथ नदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए केबिनेट मंत्री एवं दुर्ग शहर विधायक गजेन्द्र यादव ने आज मैदान में उतरे और जिले के विभिन्न बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर स्थिति का जायजा लिये। उन्होंने ग्राम भरदा में शिवनाथ नदी के बढ़ते जलस्तर एवं जलभराव की स्थिति का निरीक्षण किये। इस दौरान कोनारी-भरदा क्षेत्र में सुरक्षित स्थान पर पहुंचाए गए करीब 200 बाढ़ प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना तथा उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं की जानकारी ली।
केबिनेट मंत्री गजेन्द्र यादव कलेक्टर, एसपी, एसडीएम सहित प्रसाशनिक अधिकारीयों की टीम के साथ पुलगांव स्थित यादव समाज भवन पहुंचकर प्रभावित परिवारों के ठहरने एवं भोजन की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि बाढ़ की स्थिति सामान्य होने तक प्रभावित परिवारों को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो तथा उनके लिए भोजन, पेयजल, स्वास्थ्य, बिजली एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं निरंतर उपलब्ध रहें। उन्होंने राहत एवं बचाव कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने तथा आवश्यकता के अनुसार तत्काल सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
इसके पश्चात मंत्री श्री यादव ने जिला प्रशासन की टीम के साथ अंजोरा स्थित पुल का निरीक्षण किये। उन्होंने शिवनाथ नदी के जलस्तर की स्थिति का जायजा लेते हुए आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए सुरक्षा एवं बचाव व्यवस्थाओं की समीक्षा की। अधिकारियों से नदी के जलस्तर, आवागमन एवं संभावित प्रभावित क्षेत्रों की जानकारी लेते हुए आवश्यक तैयारियां पूरी रखने के निर्देश दिए।
इसी क्रम में मंत्री श्री यादव ने दुर्ग के पुलगांव बस्ती में बाढ़ से प्रभावित परिवारजनों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और उनकी समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि लगातार बारिश के बीच प्रशासन द्वारा प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। बाढ़ की स्थिति सामान्य होने तक उनके ठहरने, भोजन एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था शासन-प्रशासन द्वारा सुनिश्चित की जा रही है।
मंत्री श्री यादव ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रभावित परिवारों की आवश्यकताओं का निरंतर ध्यान रखा जाए और जरूरत के अनुसार हर संभव सहायता एवं आवश्यक सुविधाएं तत्काल उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने कहा कि इस कठिन परिस्थिति में शासन-प्रशासन पूरी संवेदनशीलता के साथ प्रभावित परिवारों के साथ खड़ा है और नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।
बढ़ते जलस्तर को देखते हुए मंत्री श्री यादव ने सभी नागरिकों से नदी एवं जलभराव वाले क्षेत्रों से दूरी बनाए रखने की अपील की। उन्होंने गणेश विसर्जन के दौरान प्रशासन द्वारा निर्धारित सुरक्षित व्यवस्था एवं दिशा-निर्देशों का पालन करने का आग्रह करते हुए कहा कि सभी लोग सावधानी बरतें और किसी भी जोखिम वाले स्थान पर जाने से बचें।
इस अवसर पर कलेक्टर अभिजीत सिंह, पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल, एसडीएम महेश राजपूत, दुर्ग नगर निगम आयुक्त श्रीमती लीना कोसम, पार्षद कुलेश्वर साहू एवं कमल देवांगन सहित संबंधित अधिकारी एवं जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।
बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का मंत्री गजेन्द्र यादव ने किया निरीक्षण, प्रभावित परिवारों से मिले
Chhattisgarh no.1 News Portal
Leave a comment



