भिलाई। 26 अगस्त, 2026, (सीजी संदेश) : लायंस क्लब ऑफ दुर्ग सिटी एवं दुर्ग पुलिस के संयुक्त तत्वावधान में पुलिस लाइन दुर्ग स्थित परेड ग्राउंड में वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों एवं लायंस क्लब के सदस्यों द्वारा सहभागिता करते हुए कुल 135 पौधों का रोपण किया गया।रोपित पौधों की नियमित देखभाल एवं संरक्षण करने का संकल्प लेते हुए पर्यावरण संरक्षण के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी का संदेश दिया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पुलिस परिसर में हरित क्षेत्र का विस्तार करने के साथ आम नागरिकों को पर्यावरण संरक्षण एवं पौधरोपण के लिए प्रेरित करना रहा।
दिनांक 26 अगस्त को लायंस क्लब ऑफ दुर्ग सिटी एवं दुर्ग पुलिस के संयुक्त तत्वावधान में पर्यावरण संरक्षण एवं “हरित दुर्ग” के संकल्प के साथ पुलिस लाइन दुर्ग स्थित परेड ग्राउंड में वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विजय अग्रवाल, उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, दुर्ग मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर PMJF लायन ज्ञान चंद पाटनी, लायन सुनील अग्रवाल, अध्यक्ष लायंस क्लब ऑफ दुर्ग सिटी, लायन स्नेहलता साहू, सचिव लायंस क्लब ऑफ दुर्ग सिटी, लायंस क्लब के सदस्यगण, श्री नीलकंठ वर्मा, रक्षित निरीक्षक दुर्ग तथा पुलिस लाइन के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं लायंस क्लब के सदस्यों द्वारा पौधरोपण किया गया। इस अवसर पर कुल 135 पौधों का रोपण किया गया तथा रोपित पौधों की नियमित देखभाल एवं संरक्षण करने का सामूहिक संकल्प लिया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य
वृक्षारोपण कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना, पुलिस लाइन परिसर में हरित क्षेत्र का विस्तार करना तथा पौधरोपण के साथ-साथ लगाए गए पौधों के संरक्षण एवं संवर्धन के प्रति जिम्मेदारी सुनिश्चित करना रहा। इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, दुर्ग द्वारा पर्यावरण संरक्षण को सामूहिक जिम्मेदारी बताते हुए कहा गया कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने जन्मदिन एवं अन्य विशेष अवसरों पर पौधरोपण करने के साथ उसकी नियमित देखभाल भी करनी चाहिए।
सराहनीय कार्य
कार्यक्रम के सफल आयोजन में लायंस क्लब ऑफ दुर्ग सिटी के पदाधिकारियों एवं सदस्यों तथा पुलिस लाइन दुर्ग के अधिकारी एवं कर्मचारियों का सहयोग रहा।
दुर्ग पुलिस की अपील
दुर्ग पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक पौधरोपण करें तथा लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल एवं सुरक्षा सुनिश्चित करें। स्वच्छ एवं हरित वातावरण के निर्माण में प्रत्येक नागरिक अपनी सहभागिता सुनिश्चित करे।



