भिलाई। 06 अक्टूबर, 2026, (सीजी संदेश) : गुरु घासीदास सेवा समिति सेक्टर-6 भिलाई की वार्षिक आम सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत उपस्थित संत समाज और समिति के पदाधिकारियों द्वारा सामूहिक गुरु आरती के साथ भक्तिमय माहौल में हुई। कोरम के अभाव में आधा घंटा स्थगित रखने के बाद वार्षिक आम सभा प्रारंभ की है। सभा के प्रथम चरण में समिति के अध्यक्ष बी.एल. कुर्रे ने स्वागत भाषण दिया। उन्होंने अपने उद्बोधन में पिछले वर्ष समिति द्वारा किए गए समाजहित में किए गए कार्यों की विस्तृत जानकारी दी। इसके साथ ही उन्होंने आने वाले वर्षों में समाज हित के लिए बनाई गई आगामी कार्य योजनाओं को उपस्थित संत समाज के समक्ष प्रमुखता से रखा।
पारदर्शी रहा आय-व्यय का ब्यौरा:-
कार्यक्रम के दूसरे चरण में समिति के कोषाध्यक्ष द्वारा वर्ष 2025-26 के वार्षिक आय-व्यय (बजट) का पूरा ब्यौरा प्रस्तुत किया गया। इस दौरान समाज के प्रबुद्ध जनों और उपस्थित सदस्यों ने आय-व्यय को लेकर अपनी जिज्ञासाएं रखीं जिसका समाधान किया गया। समिति के अध्यक्ष श्री बी.एल. कुर्रे एवं कोषाध्यक्ष ने अत्यंत शालीनता और पारदर्शिता के साथ सभी सदस्यों को संतुष्ट किया।
ध्वनि मत से प्रस्ताव पारित:-
समिति के जवाबों से पूरा समाज पूर्णतः संतुष्ट नजर आया। इसके बाद उपस्थित समस्त सदस्यों एवं सामाजिक बंधुओं ने ध्वनि मत से वर्ष 2025-26 के आय-व्यय और वार्षिक आम सभा के प्रस्तावों को सर्वसम्मति से पारित कर दिया। इस गौरवपूर्ण क्षण के लिए समिति के अध्यक्ष बी.एल. कुर्रे द्वारा संपूर्ण समाज का धन्यवाद किया गया।
कार्यक्रम का संचालन समिति के महासचिव एन.आर. गिलहरे द्वारा किया गया। कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित समस्त संत समाज, पदाधिकारियों, माताओं-बहनों और सामाजिक जनों का औपचारिक आभार प्रदर्शन महासचिव एन.आर. गिलहरे जी के द्वारा किया गया। इस अवसर पर समिति के पदाधिकारी, भिलाई और दुर्ग जिले के बड़ी संख्या में सदस्य एवं स्वजातीय बंधु उपस्थित थे।



