
मुंबई. शेयर बाजार की शुरूआत आज भी जोरदार बढ़त के साथ हुई। सेंसेक्स 1331 अंक की तेजी के साथ 39,346.01 पर पहुंच गया। निफ्टी ने 392 प्वाइंट की बढ़त के साथ 11,666.35 का स्तर छुआ। हालांकि, ऊपरी स्तरों से दोनों इंडेक्स नीचे आ गए। लेकिन, सेंसेक्स में 700 और निफ्टी में 250 अंक की बढ़त बनी हुई है।
विश्लेषकों के मुताबिक सरकार द्वारा कॉर्पोरेट टैक्स घटाने और शेयर बाजार में टैक्स संबंधी राहतों के ऐलानों का असर जारी है। इन ऐलानों के बाद शुक्रवार को भी बाजार में रिकॉर्ड उछाल आया था।
लार्सन एंड टूब्रो में 7% तेजी
सोमवार को शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स के 30 में से 21 और निफ्टी के 50 में से 36 शेयरों में बढ़त दर्ज की गई। आईटीसी के शेयर में 8.5% तेजी आई। ब्रिटानिया में 8% और एशियन पेंट्स में 7.5% उछाल आया। लार्सन एंड टूब्रो का शेयर 7% से ज्यादा चढ़ा।
इन्फोसिस का शेयर 3% लुढ़का
दूसरी ओर आईटी कंपनियों के शेयरों में बिकवाली का दबाव देखा गया। इन्फोसिस 3% लुढ़क गया। टीसीएस में 2.5% गिरावट दर्ज की गई। टेक महिंद्रा का शेयर 2.2% और एचसीएल टेक 1.9% नीचे आ गया।