
दंतेवाड़ा। उपचुनाव का शोर शनिवार दोपहर तीन बजे थम गया। इसके बाद स्थानीय नेता और प्रत्याशियों ने घर-घर पहुंचकर वोट मांगना शुरू कर दिया। इसके पहले मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने बचेली और हीरानार में सभा ली। जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ ने ऑटो रैली निकाली। प्रचार के अंतिम दिन भाजपा की कोई सभा-रैली तो नहीं हुई लेकिन प्रत्याशी और पदाधिकारियों का जनसंपर्क जारी रहा। इसी के साथ भाजपा और कांग्रेस के बाहरी नेताओं की वापसी होने लगी।
दंतेवाड़ा धुर नक्सल प्रभावित इलाका है। इसके चलते उपचुनाव में सुरक्षा को लेकर बड़ी संख्या में पुलिस और सीआरपीएफ जवानों की तैनाती की गई है। विधायक भीमा मंडावी की नक्सल हमले में हत्या के बाद यहां उपचुनाव की स्थिति बनी। मंडावी की पत्नी भाजपा से प्रत्याशी हैं। वहीं दूसरी ओर कांग्रेस ने स्व. महेंद्र कर्मा की पत्नी को मैदान में उतारा है। कर्मा को भी नक्सली हमले में जान गंवानी पड़ी थी।
मतदान कराने के लिए रविवार को सभी मतदान दल रवाना होंगे। सुबह सबसे पहले सुकमा पुलिस जंगमपाल, भूसारास और एडपाल के लिए निकलेगी। कुल एक हजार 92 कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। इसके अलावा 30 दल (120 कर्मचारी) रिजर्व में रखे गए हैं। कोई भी दल हेलीकॉप्टर से रवाना नहीं होगा। सभी सड़क मार्ग से जाएंगे। कुछ दलों को कई किलोमीटर पैदल भी चलना पड़ेगा। प्रत्येक बूथ में कैमरामेन की मौजूदगी सुनिश्चित की गई है।
एक नजर उपचुनाव कार्यक्रम पर
मतदान23 सितंबर 2019
मतगणना 27 सितंबर 2019
मतदाताएक लाख 88 हजार 624
महिला मतदाता98 हजार 876
पुरुष मतदाता89 हजार 748
कुल मतदान केंद्र 273
शहरी केंद्र 69
ग्रामीण केंद्र 204
संगवारी मतदान केंद्र 05
आदर्श मतदान केंद्र 05