भिलाई। 21 अगस्त, 2026, (सीजी संदेश) : सफाई कर्मियों के सम्मान, सुरक्षा व अधिकारों को लेकर युवा कॉन्ग्रेस ने आवाज उठाई है। प्रदेश युवा कांग्रेस की सचिव शिखा राय ने शुक्रवार को पत्रकार वार्ता लेकर सरकार ने सफाई कर्मियों के हित में कई मांगे की हैं। इस दौरान उन्होंने कहा कि भारतीय युवा कांग्रेस द्वारा सफाईकर्मियों के सम्मान, सुरक्षा और सामाजिक-आर्थिक अधिकारों को लेकर अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के माध्यम से सफाईकर्मियों की लंबे समय से चली आ रही समस्याओं के समाधान तथा उनके सुरक्षित एवं सम्मानजनक जीवन की मांग सरकार के समक्ष रखी गई है।
प्रेस वार्ता में इंडियन यूथ कॉन्ग्रेस का कहना है कि इज्जत मांगने से नहीं, संगठित होकर अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाने से मिलती है। सफाईकर्मी समाज और शहरों को स्वच्छ रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, इसलिए उनके श्रम, जीवन और सम्मान की रक्षा करना सरकार और समाज की जिम्मेदारी है। अभियान के माध्यम से सफाईकर्मियों और आम नागरिकों से भी अपील की गई है कि वे अपने अधिकारों और सम्मान की इस लड़ाई में एकजुट होकर आवाज उठाएं तथा सफाईकर्मियों की समस्याओं को प्रमुखता से सामने लाने में सहयोग करें।
भारतीय युवा कांग्रेस की सरकार से प्रमुख मांगें
*पक्की सरकारी नौकरी :* सफाईकर्मियों के लिए ठेका प्रथा समाप्त कर स्थायी एवं पक्की सरकारी नौकरी की व्यवस्था की जाए।
मशीनों से सफाई और सुरक्षा उपकरण :- सीवर एवं नालियों की सफाई के लिए आधुनिक मशीनों का उपयोग अनिवार्य किया जाए तथा सफाईकर्मियों को गुणवत्तापूर्ण सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराए जाएं, ताकि किसी भी कर्मचारी की जान जोखिम में न पड़े।
*सीवर में मौतों पर पूर्ण विराम :* सीवर की सफाई के दौरान होने वाली मौतों को पूरी तरह रोकने के लिए प्रभावी व्यवस्था लागू की जाए। किसी भी परिस्थिति में सफाईकर्मी को बिना पर्याप्त सुरक्षा के सीवर में न उतारा जाए।
समय पर वेतन और जातिगत भेदभाव पर रोक :- सफाईकर्मियों को समय पर पूरा वेतन दिया जाए तथा कार्यस्थल पर उनके साथ होने वाले किसी भी प्रकार के जातिगत भेदभाव और शोषण पर सख्ती से रोक लगाई जाए।



