दुर्ग। 13 जुलाई, 2026, (सीजी संदेश) : पुरानी रंजिश को लेकर युवक की हत्या व परिजनों पर प्राणघातक हमला करने वाले एक ही परिवार के 6 आरोपियों को घटना के 12 घंटे के भीतर पुलिस ने गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त हथियार व सामग्री बरामद की है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तत्काल घटना स्थल पर पहुंचकर साक्ष्य सुरक्षित किए तथा नए आपराधिक कानूनों के अधिदेशानुसार एफएसएल (FSL) विशेषज्ञों को बुलाकर वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त ईंट, डंडे, चाकू और अपराध के समय पहने कपड़े बरामद किए गए। प्रकरण में धारा 103(1), 109(1), 3(5) बीएनएस के तहत वैधानिक कार्यवाही कर आरोपियों को न्यायालय प्रस्तुत किया गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार दिनांक 12 जुलाई को रात्रि लगभग 21:30 बजे कुन्दरा पारा जैतखाम के पास पुरानी रंजिश को लेकर प्रार्थी अक्षय कोठारी, उनके भाई लेखराम कोठारी, गोपा उर्फ सूर्यदेव कोठारी और चाचा बल्ला उर्फ रोशन कोठारी पर आरोपियों द्वारा एक राय होकर लाठी, डंडे, ईंट व चाकू से प्राणघातक हमला किया गया। हमले में गंभीर चोटें आने के कारण लेखराम कोठारी की मृत्यु हो गई तथा अन्य परिजन गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें उपचार हेतु अस्पताल में भर्ती कराया गया। सूचना पर थाना पद्मनाभपुर में धारा 103(1), 109(1), 3(5) बीएनएस के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए नए वैधानिक प्रावधानों के अनुरूप वैज्ञानिक एवं तकनीकी साक्ष्यों को संकलित किया गया। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए घटना के 12 घंटे के भीतर घेराबंदी कर घटना में संलिप्त एक ही परिवार के सभी 6 आरोपियों को हिरासत में लिया, जिन्होंने पूछताछ में अपना अपराध स्वीकार किया।
अपराध करने का कारण :
आरोपियों का प्रार्थी पक्ष से लगभग तीन वर्ष पूर्व जैतखाम में झंडा लगाने की बात को लेकर पुराना विवाद था। इसी पुरानी रंजिश को लेकर आरोपियों ने योजनाबद्ध तरीके से एक राय होकर, प्रार्थी व उसके परिजनों को घेर लिया। आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से घातक हथियारों (चाकू, डंडे, ईंट) से ताबड़तोड़ हमला कर लेखराम कोठारी की बेरहमी से हत्या कर दी तथा अन्य परिजनों को गंभीर रूप से घायल कर दिया।
घटना स्थल :
थाना पद्मनाभपुर क्षेत्र अंतर्गत जैतखाम के पास, कुन्दरा पारा दुर्ग।
आरोपियों के नाम :
1)लक्ष्मी चेलक, पिता मेलाराम चेलक, उम्र 35 वर्ष, निवासी कुन्दरापारा पद्मनाभपुर।
2)आकाश चेलक, पिता रामचंद्र, उम्र 26 वर्ष, निवासी कुन्दरापारा पद्मनाभपुर।
3)सत्यम चेलक, पिता तारांदास, उम्र 33 वर्ष, निवासी कुन्दरापारा पद्मनाभपुर।
4)खेलू चेलक, पिता रामचंद्र, उम्र 32 वर्ष, निवासी कुन्दरापारा पद्मनाभपुर।
5)प्रकाश चेलक, पिता रामचरण, उम्र 29 वर्ष, निवासी कुन्दरापारा पद्मनाभपुर।
6)देवचंद चेलक, पिता मेलाराम चेलक, उम्र 34 वर्ष, निवासी कुन्दरापारा पद्मनाभपुर।
जप्त सामग्री :
1)घटना में प्रयुक्त ईंट (Bricks)।
2)घटना में प्रयुक्त डंडे (Sticks)।
3)घटना में प्रयुक्त चाकू (Knives)।
4)अपराध के समय प्रयुक्त किए गए कपड़े (Clothes)।
सराहनीय कार्य :
उक्त त्वरित कार्यवाही में थाना पद्मनाभपुर पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही। पुलिस टीम द्वारा नए कानून के प्रावधानों के तहत वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाते हुए प्रभावी विवेचना कर सभी 6 आरोपियों को 12 घंटे के भीतर गिरफ्तार किया गया।
दुर्ग पुलिस की अपील :
दुर्ग पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि अथवा संदिग्ध व्यक्ति की सूचना तत्काल पुलिस को दें। आपसी वादों व रंजिशों को कानूनन सुलझाएं, कानून अपने हाथ में लेने वालों और शांति व्यवस्था भंग करने वालों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।
URIS id=9218




