भिलाई। 22 मई, 2026, (सीजी संदेश) : भिलाई की आकाश गंगा सब्जी मंडी में गाड़ी लगाने को लेकर शुरू हुआ विवाद अब गंभीर आपराधिक मामले में बदल गया है। जवाहर नगर निवासी मनीष गुप्ता ने पुलिस अधीक्षक दुर्ग को शिकायत पत्र सौंपते हुए आरोप लगाया है कि दो आरोपियों ने न केवल मंडी में गाली-गलौज की, बल्कि रात में उनके घर पहुंचकर परिवार के साथ अभद्रता, मारपीट और जान से मारने की धमकी भी दी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आवेदक मनीष गुप्ता और आरोपी भानुप्रताप राजभर दोनों आकाश गंगा सब्जी मंडी में सब्जी व्यवसाय से जुड़े हुए हैं। शिकायत में बताया गया है कि 14 मई 2026 की सुबह मंडी में वाहन खड़ा करने को लेकर विवाद हुआ था। इस दौरान आरोपी भानुप्रताप राजभर ने मनीष गुप्ता के कर्मचारी के साथ गाली-गलौज की तथा बाद में उनके पिता की दुकान पर पहुंचकर भी धमकी दी।
शिकायत में आगे उल्लेख किया गया है कि उसी रात लगभग 9:55 बजे आरोपी भानुप्रताप राजभर अपने साथी शुभम चौधरी उर्फ दुखा के साथ मनीष गुप्ता के जवाहर नगर स्थित निवास पहुंच गया। वहां दोनों ने परिवार के सदस्यों के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट करने का प्रयास किया। आसपास के लोगों ने बीच-बचाव कर स्थिति को संभाला। पीड़ित पक्ष का दावा है कि पूरी घटना घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हुई है।
घटना के बाद पीड़ित परिवार थाना वैशाली नगर पहुंचा, जहां पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
आवेदक ने अपनी शिकायत में यह भी आरोप लगाया है कि मुख्य आरोपी भानुप्रताप राजभर कथित रूप से भाजपा नेता और रसूखदार है। आदतन अपराधी प्रवृत्ति का है और उसके खिलाफ पूर्व में भी गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हो चुके हैं। शिकायतकर्ता ने पुलिस अधीक्षक से आरोपियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करते हुए परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा सीसीटीवी फुटेज सहित अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।



