भिलाई 18 नवंबर 2026। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मुकेश चंद्राकर का कहना है कि अगले माह दिसंबर में नगर निगम भिलाई के होने वाले चुनाव के चलते पिछले 15 दिन से निगम में सारे कामकाज ठप पड़ गए हैं। कोई भी अधिकारी अपने जगह पर नहीं मिल रहा, जिसके चलते आम जनता परेशान हो रही है। यदि जल्द ही निगम का कामकाज सुचारू रूप से प्रारंभ नहीं हुआ तो कांग्रेस पार्टी सड़क पर उतरकर आंदोलन करेगी और नगर निगम का घेराव करेगी।
श्री चंद्राकर ने बताया कि किसी भी काम के लिए जनता निगम पहुंच रही है तो उन्हें जवाब मिल रहा है कि अधिकारी चुनावी ड्यूटी पर हैं। कोई अधिकारी कलेक्टर के यहां गया है तो कोई मतदान केंद्र कल्याण कॉलेज गया है। ऐसे में आम जनता को बेवजह भटकना पड़ रहा है। श्री चंद्राकर का कहना था कि यदि निगम के चुनाव होने हैं तो क्या निगम में कोई कामकाज नहीं होगा ? लोगों ने बताया कि वह जिस भी विभाग में जा रहे हैं वहां के अधिकारी गायब मिल रहे हैं। उन्हें बताया जाता है कि निर्वाचन कार्य के चलते अधिकारी और कर्मचारी व्यस्त हैं।
श्री चंद्राकर का कहना था कि नवंबर के अंतिम सप्ताह तक आदर्श आचार संहिता लागू होने की संभावना है। इसकी आड़ में अधिकारी बहुत सारे काम लटका रहे हैं। क्योंकि आचार संहिता लग जाने के बाद नए टेंडर जारी करने, भूमिपूजन और नई योजनाओं की स्वीकृति जैसे कार्यों पर विराम लग जाएगा। ऐसे में अधिकारी अपने फायदे को देखते हुए अपने हिसाब से कार्य करेंगे।
श्री चंद्राकर ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार द्वारा महापौर और पार्षद निधि में कटौती या रोक लगाने के कारण पहले ही साफ-सफाई, तालाब सौंदर्यीकरण और पेयजल से जुड़े विकास कार्य अटके हुए हैं। अब चुनाव की आड़ में सारे कामकाज ठप कर दिए गए हैं। श्री चंद्राकर का कहना था कि चुनावी व्यस्तता और आचार संहिता के बावजूद नगर निगम की अनिवार्य नागरिक सेवाएं बंद नहीं होनी चाहिए।शहर की पेयजल आपूर्ति, कचरा संग्रहण, स्ट्रीट लाइट मरम्मत और साफ-सफाई जैसी रोजमर्रा की सेवाएं नियमित रूप से संचालित की जानी चाहिए।पहले से स्वीकृत व चल रहे निर्माण कार्यों को पूरा करने पर कोई रोक नहीं होती है। विशेष कार्य जैसे नामांतरण, भवन अनुज्ञा की प्रक्रिया पर भी इसका कोई असर नहीं होना चाहिए।
श्री चंद्राकर का कहना था कि अधिकारियों के गायब रहने से सारे कामकाज प्रभावित हो रहे हैं और आम जनता बेहद परेशान हो रही है यदि जल्द ही निगम का कामकाज सुचारू रूप से प्रारंभ नहीं हुआ तो कांग्रेस सड़क पर उतरेगी और निगम का घेराव करेगी। हम जनता की तकलीफ को बर्दाश्त नहीं करेंगे।


