दुर्ग, 31 मई 2026/ मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा कि मोदी की गारंटी के तहत छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा राज्य में सभी वर्गों के कल्याण के लिए अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही है। श्री साय ने कहा कि राज्य सरकार के द्वारा सुशासन तिहार के माध्यम से आम जनता के बीच पहुंचकर अपना रिपोर्ट कार्ड प्रस्तुत की जा रही है। मुख्यमंत्री श्री साय आज जिला मुख्यालय दुर्ग के स्व. झाड़ू देवांगन शासकीय बहुउद्देशीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मैदान में आयोजित सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर में अपना उद्गार व्यक्त कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने सुशासन तिहार के दौरान भीषण गर्मी में भी आम जनता की बड़ी संख्या में उपस्थिति पर भूरी-भूरी सराहना व्यक्त करते हुए सुशासन तिहार के दौरान आम जनता से मिल रहे प्रतिसाद पर भी संतोष व्यक्त की। समारोह में प्रदेश की स्कूल शिक्षा मंत्री श्री गजेन्द्र यादव, दुर्ग लोकसभा सांसद श्री विजय बघेल, दुर्ग नगर निगम की महापौर श्रीमती अलका बाघमार, अहिवारा विधासभा क्षेत्र के विधायक श्री डोमन लाल कोर्सेवाड़ा, साजा विधानसभा क्षेत्र के विधायक श्री ईश्वर साहू, जिला पचायत अध्यक्ष श्रीमती सरस्वती बंजारे, अध्यक्ष तेलघानी बोर्ड श्री जितेन्द्र साहू, खादी ग्रामोद्योग अध्यक्ष श्री राकेश पाण्डेय, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष श्री प्रेमप्रकाश पाण्डेय, जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक के अध्यक्ष श्री प्रीतपाल बेलचंदन, पूर्व विधायक श्री जागेश्वर साहू एवं श्री सांवला राम डाहरे सहित अन्य जनप्रतिनिधियों के अलावा जनसंपर्क आयुक्त श्री रजत बंसल, संभाग आयुक्त श्री एस.एन. राठौर, पुलिस महानिरीक्षक श्री अभिषेक शांडिल्य, कलेक्टर श्री अभिजीत सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री विजय अग्रवाल सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित थे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री साय ने दुर्ग शहर वासियों को 739 करोड़ रूपए के विभिन्न विकास कार्यों की सौगात दी। समारोह में मुख्यमंत्री श्री साय ने स्कूल शिक्षा मंत्री श्री गजेन्द्र यादव की मांग पर जिला एवं पुलिस प्रशासन के लिए सर्वसुविधायुक्त संयुक्त जिला कार्यालय भवन का निर्माण कार्य करने की घोषणा की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री साय ने दुर्ग शहर में बड़ी संख्या में लोकार्पित एवं भूमिपूजन किए गए विकास कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें दुर्ग शहर एवं दुर्ग जिले के विकास के लिए मील का पत्थर बताया। मुख्यमंत्री श्री साय ने राज्य में सुशासन तिहार के आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि एक मई से प्रदेश के सभी जिलों में निरंतर सुशासन तिहार का आयोजन किया जा रहा है। श्री साय ने कहा कि राज्य में 10 जून तक लगातार सुशासन तिहार का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इसके अंतर्गत राज्य के शहरी एवं ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया जा रहा है। इस दौरान ग्रामीणों एवं हितग्राहियों को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित कराने के साथ-साथ उनके मांगों और समस्याओं का भी त्वरित निराकरण भी सुनिश्चित किया जा रहा है। श्री साय ने कहा कि आज उन्होंने स्व. झाड़ू राम देवांगन शासकीय बहुउद्देशीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के मैदान में आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा लगाये गये स्टॉलों का भी अवलोकन किया। मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि स्टॉल में युवाओं का ड्राइविंग लाइसेंस बनाने के अलावा मत्स्य पालक कृषकों को मछली जॉल के वितरण के अलावा ग्रामीणों एवं हितग्राहियों को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित किया जा रहा है। श्री साय ने कहा कि सुशासन तिहार के दौरान 01 मई से लेकर अब तक वे प्रदेश के कुल 17 जिलों का भ्रमण कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि अंतिम तिथि 10 जून तक वे प्रदेश के सभी 33 जिलों में आयोजित सुशासन तिहार में सम्मिलित होंगे। मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि राज्य के बागडोर सम्हालने के पश्चात सर्वप्रथम हमारी सरकार ने मोदी की गारंटी के तहत राज्य के 18 लाख गरीब परिवारों के लिए प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत करने की घोषणा की थी। मुझे खुशी है कि इन सभी गरीब परिवारों के लिए प्रधानमंत्री आवास की स्वीकृति दे दी गई है। इसके साथ ही स्वीकृत सभी आवासों का निर्माण कार्य शीघ्र पूरा कर लिया जाएगा। इसके अलावा राज्य सरकार द्वारा माता और बहनों के मेहनत का सम्मान करते हुए राज्य में महतारी वंदन योजना लागू कर इस योजना के अंतर्गत उनके खाते में प्रतिमाह में एक-एक हजार रूपए की राशि अंतरित करने का कार्य किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी एवं केन्द्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह के दृढ़ इच्छा-शक्ति एवं अप्रितिम कार्यकुशलता के फलस्वरूप लंबे समय से नक्सलवाद की दंश झेल रहे छत्तीसगढ़ को नक्सल मुक्त करने में हम सफल हुये हैं। जिसके फलस्वरूप प्रकृति मनोरम सौंदर्य एवं रत्न गर्भाभूमि बस्तर संभाग अब पूरी तरह से नक्सलवाद से मुक्त हो गया है। नक्सलवाद की दंश से मुक्त होने के पश्चात् केन्द्र व राज्य सरकार के द्वारा बस्तर में विकास की नई गंगा बहाई जा रही है। इस अवसर पर श्री साय ने बस्तर के महान शहीद गुंडाडुर के गांव नेतानार में सेवा डेरा खोले जाने की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि ग्राम नेतानार में स्थापित सेवा डेरा में ग्रामीणों एवं आदिवासियों को ईमली प्रसंस्करण, ढेकी चांवल एवं सिलाई आदि विभिन्न आजीविका मूलक कार्यों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। श्री साय ने आशा व्यक्त किया कि नक्सलवाद के खात्मे के बाद केन्द्र व राज्य सरकार के संयक्त प्रयासों से बस्तर में अब विकास की नई गाथा लिखी जाएगी। मुख्यमंत्री श्री साय ने राज्य में संचालित मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के सराहनीय कार्यों के संबंध में प्रकाश डालते हुए कहा कि बेमेतरा के विधायक श्री दीपेश साहू आज मुख्यमंत्री कन्या विवाह के माध्यम से परिणय सूत्र में बंधने वाले है। उन्होंने विधायक श्री साहू से मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना अंतर्गत आयोजित सामूहिक विवाह के माध्यम से परिणय सूत्र में बंधने के कार्य की भूरी-भूरी सराहना की। इस अवसर पर श्री साय ने राज्य में भ्रष्टाचार पर सख्त लगाम लगाने हेतु राज्य शासन द्वारा किये जा रहे कार्यों की भी जानकारी दी। उन्हाेंने कहा कि इसके लिए हमारी सरकार द्वारा ई-डिस्ट्रिक्ट सेवा कार्य का विस्तार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इसके अलावा हमारी सरकार द्वारा बिजली उपभोक्ताओं के लिए उचित बिजली बिल की अदायगी हेतु बिजली समाधान योजना की शुरूआत की गई है। इसके शुरू होने से उपभोक्ताओं को किसी प्रकार के अतिरिक्त बिजली बिल पटाना नहीं पड़ेगा। इस अवसर पर उन्होंने प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना बिजली योजना के संबंध में प्रकाश डालते हुए उसके लाभ के संबंध में जानकारी दी।
इस अवसर श्री साय ने आम जनता से प्राप्त मांगों, समस्याओं एवं शिकायतों के त्वरित निराकरण राज्य शासन की सीएम हेल्पलाइन योजना के संबंध में भी जानकारी दी। उन्हाेंने कहा कि इसके लिए लगभग 100 कर्मचारियों को समुचित प्रशिक्षण प्रदान कर दिया गया है। इस अवसर पर श्री साय ने भारत सरकार द्वारा पुलिस एम्बुलेंस, फायर ब्रिगेड और महिला बाल विकास सहायता हेतु शुरू किये गए हेल्पलाईन नंबर 112 प्रदेश के सभी 33 जिलों में प्रारंभ करने की जानकारी दी। समारोह में मुख्यमंत्री श्री साय ने छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल के अंतर्गत कक्षा दसवीं व बारहवीं की परीक्षा में प्रावीण्य सूची में स्थान बनाने वाले दुर्ग जिले के विद्यार्थियों की उज्ज्वल भविष्य कामना करते हुए उन्हें हार्दिक बधाई दी। इस अवसर पर श्री साय ने आज आईटी पार्क के लोकार्पण को दुर्ग जिले के नवयुवकों के लिए बहुत बड़ी सौगात बताते हुए इसकी भूरी-भूरी सराहना की। मुख्यमंत्री श्री साय ने आज के दिन को संपूर्ण दुर्ग जिलेवासियों के लिए ऐतिहासिक एवं यादगार बताया। उन्होंने कहा कि आज शहरवासियोें को मिले लगभग 739 करोड़ रूपए के विभिन्न विकास कार्यों के दुर्ग शहर में विकास की नई गाथा लिखी जाएगी। श्री साय ने आज लोकार्पित नालंदा परिसर के संबंध में प्रकाश डालते हुए कहा कि इसके माध्यम से प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़े युवा-युवतियों को जरूरी सुविधाएं उपलब्ध होने के साथ-साथ यहां के विद्यार्थियों के लिए आईएएस, आईपीएस बनने का मार्ग प्रशस्त होगा। इस अवसर पर श्री साय ने बताया कि दुर्ग शहर में 100 सीटर छात्रावास भवन का लोकार्पण होने की भी जानकारी दी उन्होंने इसे अंचल के विद्यार्थियों के लिए बहुत बड़ी सौगात बताया। श्री साय ने कहा कि आज इंदिरा मार्केट दुर्ग में मल्टीलेवल पार्किंग निर्माण हेतु भूमिपूजन किया गया। इससे निर्माण कार्य पूरा हो जाने से दुर्ग शहरवासियों को वाहनों के पार्किंग की समस्या से निजात मिलेगी।
समारोह को सम्बोधित करते हुए प्रदेश के स्कूल शिक्षा मंत्री श्री गजेन्द्र यादव ने कहा कि आज का दिन अत्यंत महत्वपूर्ण एवं यादगार दिवस है। उन्होंने कहा कि आज सुशासन तिहार में शामिल होकर मुख्यमंत्री श्री साय के द्वारा 739 करोड़ रूपए के विभिन्न विकास कार्यों की सौगात दी जा रही है। यह सभी विकास कार्य दुर्ग शहर एवं जिले के विकास के लिए मील का पत्थर साबित होगा। इस अवसर पर उन्होंने मॉं चण्डी की धरती, इस्पात एवं ज्ञान-विज्ञान की नगरी दुर्ग में आयोजित सुशासन तिहार के अवसर पर मुख्यमंत्री एवं अतिथियों का हार्दिक अभिनंदन एवं स्वागत किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री साय द्वारा पूर्व में की गई घोषणा के अनुरूप आज दुर्ग शहर में आईटी पार्क का लोकार्पण किया गया है। श्री यादव ने कहा कि आज दुर्ग वासियों को जिले को अनेक बड़ी सौगातें मिली हैं। जिसमें प्रमुख रूप से इंदिरा मार्केट मल्टीलेवल पार्किंग, नालंदा परिसर निर्माण, जी.ई. रोड से स्टेशन रोड तक केनाल रोड निर्माण सहित कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं शामिल है। इस अवसर पर उन्होंने 120 वर्ष पहले गठित दुर्ग जिले के ऐतिहासिक पृष्ठभूमि के संबंध में जानकारी देते हुए शहर एवं जिले के प्रमुख मांगों की ओर ध्यान आकृष्ट कराया। श्री यादव ने बेमेतरा एवं बालोद की तर्ज पर कलेक्ट्रेट के लिए कम्पोजिट बिल्डिंग निर्माण की मांग भी रखी।
इस अवसर पर सांसद श्री विजय बघेल ने मुख्यमंत्री द्वारा दुर्ग शहर को दिये गये 739 करोड़ रूपए विभिन्न विकास कार्यों के सौगात देने के लिए उनके प्रति विनम्र आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि दुर्ग जिले के लिए सौभाग्य की बात है कि जिले में आईटी हब के रूप में महत्वपूर्ण परियोजना का आज लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया गया। श्री बघेल ने कहा कि दुर्ग जिला केवल शिक्षा नगरी ही नहीं, बल्कि तकनीकी, ज्ञान-विज्ञान, संस्कार और सामाजिक समरसता का भी प्रमुख केंद्र है।
महापौर श्रीमती अलका बाघमार ने कहा कि आज दुर्ग शहरवासियों के लिए ऐतिहासिक दिन है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की संवेदनशीलता और पूर्व की गई घोषणा के अनुरूप शहर के व्यस्ततम व्यापारिक क्षेत्र इंदिरा मार्केट में मल्टीलेवल पार्किंग का भूमिपूजन किया गया है। इससे बाजार क्षेत्र को जाम की समस्या से राहत मिलेगी तथा व्यापारियों और आम नागरिकों के लिए आवागमन अधिक सुगम और सुरक्षित होगा।
इस अवसर पर कलेक्टर श्री अभिजीत सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री के कुशल नेतृत्व एवं मंशानुरूप पूरे जिले में सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत जिला प्रशासन सीधे जनता तक पहुंचकर समस्याओं का निराकरण कर रहा है। उन्होंने कहा कि जनता से प्राप्त आवेदनों, मांगों एवं शिकायतों पर संवेदनशीलता के साथ त्वरित कार्यवाही की गई है। उन्होंने कहा कि आज का दिन जिले के विकास इतिहास में स्वर्णिम अध्याय के रूप में दर्ज होगा। मुख्यमंत्री ने जिले को कुल 251 विकास कार्यों की सौगात दी है, जिसमें कुल 376 करोड़ 69 लाख रूपए की लागत के 99 विकास कार्यो का लोकार्पण और 360 करोड़ 38 लाख रूपए की लागत के 152 विकास कार्यो का भूमिपूजन शामिल है। इस अवसर पर अतिथियों के द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना का स्वीकृति पत्र एवं प्रतिकात्मक चॉबी, मनरेगा जॉब कार्ड वितरण के अलावा शासन के अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित किया गया। समारोह में मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय द्वारा छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा आयोजित कक्षा दसवीं एवं बाहरवीं की परीक्षा में उत्कृष्ट अंक अर्जित कर प्रावीण्य सूची में स्थान अर्जित करने वाले विद्यार्थियों को प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित भी किया गया।
सुशाासन तिहार के अवसर पर आज मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय एवं अतिथियों ने हितग्राहियों को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित किया। जिसके अंतर्गत राजस्व विभाग की स्वामित्व योजना के तहत हितग्राही श्री अरूण चन्द्राकर/श्री कन्हैयालाल, श्री दिनेश/कोपलाल, श्री गोवर्धन लाल/नम्मू, श्री पुरूषोत्तम/शत्रुहन, श्री नोकेश/कोपीराम, श्रीमति जमुना/शंकर और श्रीमति कीर्तिका/संतोष को अधिकार अभिलेख का वितरण किया गया। इसी तरह जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय मेरिट योजना में स्थान बनाने वाले 10वीं कक्षा के छात्र-छात्राओं साहिल बरेठ/रमेश कुमार बरेठ और तनुजा वर्मा/सुनिल वर्मा, शौर्य गहिन/कुमेश कुमार, तुलसी साहू/लेखराम साहू तथा 12वीं कक्षा के छात्र-छात्रा रिया साहू/राकेश कुमार साहू, अंशू गुप्ता/गीता गुप्ता को मोमेन्टो/हाथ घड़ी प्रदान की गई। जिला पंचायत के माध्यम से संचालित मनरेगा योजना के तहत निर्मला/टेकराम, दीपक/नेतुराम, जागेश्वरी/डामन, अन्नपूर्णा/एनुराम, रंजीत/उमेन्द्र और रिंकी/यशवंत को जॉब कार्ड बांटे गए, जबकि लखपती दीदी योजना के अंतर्गत द्रौपदी कागड़े आशिता स्वसहायता समूह खोपली, जागृति साहू गायत्री स्वसहायता समूह मतवारी, हेमलता साहू अराध्या स्व सहायता समूह ननकट्ठी, खेमीन निर्मलकर कल्याणी स्व सहा. समूह रिसामा और पुष्पा साहू सिद्धी स्व सहा. समूह बोरीगारका को प्रमाण-पत्र दिए गए। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत पुरेन्द्र मिश्रा, मीराबाई कुम्भकार, दुरपति बाई देवांगन, पूरन लाल निषाद और देवशीर बाई गर्ग को मकान की चाबी सौंपी गई , तथा प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) में श्री तामेश्वर सिंह/श्री रैदलाल, श्री तुलसी राम बघेल/श्री सहदेवराम बघेल और श्री दीपक सिंह/श्री हरेश्वर सिंह को भी चाबी का वितरण किया गया। नगर निगम दुर्ग के अंतर्गत प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना में फैन्सी सामान व्यवसायी श्रीमति नंदिनी निर्मलकर/श्री भीखम और चाय दुकान व्यवसायी श्रीमति केशव देवांगन/संतराम देवांगन को डमी चेक दिया गया , जबकि प्रधानमंत्री आवास योजना (बी.एल.सी) के तहत प्रमोद कुमार, हरीराम यादव एवं मन्नू महेश पटेल को प्रमाण-पत्र मिला। नगर निगम भिलाई द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना (ए.एच.पी) के तहत संतोषी निषाद और रिना कुमारी को भी प्रमाण-पत्र वितरित किए गए । मत्स्य विभाग द्वारा श्री नकुल धीवर जय गंगा मैया मछुआ सहकारी समिति मर्या. खुरसुल और श्री सुन्दर लाल शिवनाथ मछुआ सहकारी समिति मर्या. मोहलाई को जाल तथा श्रीमती शकुन बाई, स्व सहायता समूह दुर्ग को आइस बॉक्स प्रदान किया गया। स्वास्थ्य विभाग की आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के अंतर्गत कृपाल कौर, निर्मला गावडे, अभय गावडे और पवन कौशिक को आयुष्मान वय वंदन कार्ड दिए गए, तथा एच.पी.वी. टीकाकरण अभियान के तहत केशिका साहू, सम्भवी सोनी, ईशिका साहू, अर्पिता राजपूत, अपेक्षा जैन और सुरभि आडिल को एच.पी.वी. प्रमाण पत्र बांटे गए। इसी क्रम में महिला एवं बाल विकास विभाग की श्छ.ग. महिला कोष-ऋण योजनाश् के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों श्रीमती विनीता मानिकपुरी, श्रीमती चंचल साहू एवं श्रीमती रेवती यदु को ऋण राशि का चेक प्रदान किया गया। सहायक आयुक्त आदिवासी विकास दुर्ग द्वारा ’एम.बी.बी.एस. पाठ्यक्रम हेतु शासकीय महाविद्यालय में चयन’ होने पर छात्र अमनदीप पैकरा और मनोहर कोर्राम को प्रोत्साहन सहायता का चेक वितरित कर उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं। समाज कल्याण विभाग की दिव्यांग उपकरण योजना के अंतर्गत सतरूपा ठेठवार, तोपसिंग साहू को मोटराईज्ड ट्राय सायकल, जी मोकलिंगम एवं गणेश कुमार को ट्राय सायकल, मनोज प्रताप सिंह को व्हील चेयर तथा याशमीन नाज और जानकी बाई देवांगन को श्रवण यंत्र का वितरण किया गया।
सुशासन तिहार के माध्यम से राज्य सरकार जनता के बीच पहुंचकर अपना रिपोर्ट कार्ड प्रस्तुत कर रही है – मुख्यमंत्री श्री साय
Chhattisgarh no.1 News Portal
Leave a comment




