भिलाई। 11 मई, 2026, (सीजी संदेश) : नगर पालिक निगम भिलाई के जोन-1 नेहरू नगर अंतर्गत स्थितभेलवा तालाब में जलभराव कार्य के दौरान पानी निकासी स्थल पर कचरा जमा होने से पानी का प्रवाह बाधित हो गया है। स्थिति को देखते हुए निगम अधिकारियों द्वारा स्थल का निरीक्षण किया गया तथा तालाब की सफाई कराने के निर्देश दिये गये।
अधिकारियों ने बताया कि पानी निकासी वाले स्थान पर कचरा जाम होने के कारण पानी का बहाव प्रभावित हो रहा है। तालाब की समुचित सफाई के लिए पहले पानी की दिशा परिवर्तित कर सफाई कार्य कराया जायेगा, इसके बाद पुनः तालाब में जलभराव का कार्य प्रारंभ किया जायेगा, जिससे भविष्य में जल निकासी की समस्या उत्पन्न न हो। निरीक्षण के दौरान भेलवा तालाब के समीप नवनिर्मित नाला निर्माण कार्य का भी अवलोकन किया गया। अधिकारियों ने नाला निर्माण की गुणवत्ता एवं जल निकासी व्यवस्था का जायजा लेते हुए संबंधित कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। निगम द्वारा क्षेत्र में जलभराव एवं सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने लगातार कार्य किया जा रहा है, जिससे नागरिकों को सुविधा मिल सके। निरीक्षण के दौरान जोन आयुक्त येशा लहरे, उप अभियंता बसंत साहू, रीमा जामुलकर, जोन स्वच्छता निरीक्षक अंकित सक्सेना उपस्थित रहे।



