भिलाई। 20 मई, 2026, (सीजी संदेश) : भारतीय जनता पार्टी जिला भिलाई द्वारा पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महा अभियान के अंतर्गत आगामी 25 एवं 26 मई को जिला बालोद में आयोजित होने वाले जिला प्रशिक्षण वर्ग की तैयारियों को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में मुख्य वक्ता के रूप में भाजपा जिला भिलाई के प्रभारी रामजी भारती उपस्थित रहे। उन्होंने प्रशिक्षण वर्ग की विस्तृत रूपरेखा एवं कार्य विभाजन पर बिंदुवार चर्चा करते हुए पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। रामजी भारती ने कहा कि प्रशिक्षण वर्ग का सफल आयोजन संगठन की मजबूती, कार्यकर्ताओं के वैचारिक विकास एवं संगठनात्मक दक्षता को बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण शिविर का उद्देश्य कार्यकर्ताओं को पार्टी की विचारधारा, संगठनात्मक कार्यपद्धति, जनसंपर्क कौशल एवं राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पण की भावना से सशक्त बनाना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि जिस प्रकार मंडल प्रशिक्षण वर्गों को सफल बनाया गया, उसी प्रकार जिला प्रशिक्षण वर्ग को भी ऐतिहासिक सफलता प्रदान करनी है। आने वाले 36 घंटे प्रत्येक कार्यकर्ता के व्यक्तित्व विकास एवं वैचारिक समृद्धि के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण रहेंगे।
जिला भाजपा अध्यक्ष पुरुषोत्तम देवांगन ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रशिक्षण वर्ग के सफल संचालन हेतु विभिन्न दायित्वों का सुव्यवस्थित कार्य विभाजन किया गया है। कार्यक्रम की समस्त व्यवस्थाओं को सुचारु एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से अलग-अलग समितियों एवं पदाधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। इनमें मंच व्यवस्था, अतिथि स्वागत, भोजन व्यवस्था, अनुशासन, तकनीकी सहयोग एवं मीडिया समन्वय जैसे महत्वपूर्ण कार्य शामिल हैं। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करते हुए प्रशिक्षण वर्ग को सफल बनाने का आग्रह किया। श्री देवांगन ने बताया कि प्रशिक्षण वर्ग का शुभारंभ भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष माननीय श्री किरण देव सिंह द्वारा किया जाएगा। प्रशिक्षण वर्ग में प्रमुख वक्ताओं के रूप में सांसद विजय बघेल, प्रदेश प्रशिक्षण संयोजक डॉ. अवधेश जैन, संजय श्रीवास्तव, प्रदेश महामंत्री एवं प्रशिक्षण वर्ग प्रभारी यशवंत जैन, जगन्नाथ पाणिग्रही, रामजी भारती, प्रभुनाथ मिश्रा, महेश वर्मा, बृजेश भोजपुरिया, शिरीष अग्रवाल, दीपक मास्क, नीलू शर्मा, सोमेश पांडे, नलिनेश ठोकने एवं श्रीमती शताब्दी पांडे उपस्थित रहेंगे। प्रशिक्षण वर्ग के अंतिम सत्र को भारतीय जनता पार्टी की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सुश्री सरोज पांडे संबोधित करेंगी।
बैठक को संबोधित करते हुए अहिवारा विधानसभा के विधायक डोमनलाल कोसेवाड़ा ने कहा कि वे प्रशिक्षण वर्ग में पूरे दो दिनों तक उपस्थित रहकर प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे। बैठक में प्रमुख रूप से जिला प्रभारी रामजी भारती, जिला अध्यक्ष पुरुषोत्तम देवांगन, विधायक डोमनलाल कोसेवाड़ा, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सरस्वती बंजारे, प्रशिक्षण वर्ग संयोजक गोपाल कृष्ण वर्मा, प्रशिक्षण नियंत्रक योगेंद्र सिंह, वरिष्ठ नेता बृजेश भोजपुरिया, महामंत्री मनीष अग्रवाल, कोषाध्यक्ष शैलेंद्र सिंह पदम, श्रीमती उषा बारले, नेता प्रतिपक्ष भोजराज सिन्हा, दिव्या भसीन, प्रभुनाथ मिश्रा, शंकरलाल देवांगन, चना केशवलू, श्रीमती पूनम शुक्ला, विजय सिंह, हेमंत देवांगन, पारस जंगेल, मदन सेन, तिलकराज राजेंद्र सिंह, श्रीमती स्वीटी कौशिक, जाकिर हुसैन, बी. पद्मनाभन, अमित पाहुजा, रूपराम साहू एव विजय शुक्ला सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



