भिलाई। 30 मई, 2026, (सीजी संदेश) : सुपेला थाना क्षेत्र अंतर्गत नेहरू नगर में घटित बहुचर्चित चोरी प्रकरण शामिल अन्तर्राज्यीय चोरी गिरोह का मुख्य आरोपी कुख्यात नकबजन नासिर हुसैन को गिरफ्तार कर पुलिस रिमांड पर लेकर की गई पूछताछ में कई महत्वपूर्ण खुलासे हुए हैं। रायपुर स्थित मेकाहारा परिसर की पार्किंग में छुपाकर रखे गए चोरी की वारदातों में प्रयुक्त विशेष औजार एवं एक्टिवा दोपहिया वाहन जप्त किया गया।
अन्तर्राज्यीय गिरोह के मुख्य आरोपी मोहम्मद नासिर हुसैन उर्फ आनस खान को न्यायालय से पुलिस रिमांड प्राप्त कर विस्तृत पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान आरोपी ने चोरी की वारदातों को अंजाम देने के तरीके एवं उपयोग किए गए उपकरणों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी। आरोपी ने बताया कि वह एवं उसके साथी बंद मकानों, फ्लैटों एवं आवासीय परिसरों की रेकी कर चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। चोरी के दौरान घरों के मुख्य दरवाजे, अलमारी, लॉकर एवं ताले तोड़ने के लिए विशेष प्रकार के औजारों का उपयोग किया जाता था। आरोपी की निशानदेही पर रायपुर स्थित मेकाहारा परिसर की मोटर साइकिल पार्किंग में खड़ी एक एक्टिवा दोपहिया वाहन की सीट के नीचे छुपाकर रखे गए औजार बरामद किए गए। बरामद औजारों में विभिन्न प्रकार के पाना, पेचकस, कटर, लोहे के रॉड, ताला तोड़ने एवं लॉकर खोलने के विशेष उपकरण शामिल हैं। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि उक्त औजारों में से कुछ विशेष औजार एक लोहार से चोरी की वारदातों को ध्यान में रखकर विशेष रूप से तैयार करवाए गए थे, जिनका उपयोग आलमारी, लॉकर एवं सुरक्षा ताले तोड़ने में किया जाता था। आरोपी की निशानदेही पर एक एक्टिवा दोपहिया वाहन CG10 AG 4136 भी जप्त किया गया है, जिसका उपयोग आरोपी एवं उसके साथी रायपुर से भिलाई-दुर्ग आकर चोरी की घटनाओं को अंजाम देने तथा पुनः रायपुर लौटने में करते थे। पूछताछ एवं उपलब्ध आपराधिक रिकार्ड के आधार पर यह भी ज्ञात हुआ है कि आरोपी नासिर हुसैन पूर्व में मध्यप्रदेश के भोपाल, गोविंदपुरा, क्राइम ब्रान्च भोपाल ,कोहफिजा, सेक्टर17, सेक्टर 36, इंदौर के पलासिया एवं चंडीगढ़ तथा अन्य स्थानों में चोरी की अनेक घटनाओं में संलिप्त रहा है। उल्लेखनीय है कि प्रकरण में पूर्व में गिरोह के अन्य सदस्यों एवं चोरी की संपत्ति खरीदने वाले आरोपियों को गिरफ्तार कर लाखों रुपये मूल्य की चोरी की संपत्ति बरामद की जा चुकी है। प्रकरण में अन्य फरार आरोपियों एवं चोरी की अतिरिक्त संपत्ति की तलाश जारी है। जिला पुलिस दुर्ग द्वारा तकनीकी विश्लेषण, मुखबिर सूचना, सतत निगरानी एवं वैज्ञानिक अनुसंधान के माध्यम से अन्तर्राज्यीय चोरी गिरोह के विरुद्ध प्रभावी कार्यवाही की गई है। मामले की विवेचना जारी है।




