दुर्ग। 14 मई, 2026, (सीजी संदेश) : दुर्घटना में वाहन के केबिन में फंसे घायल चालकों को थाना पुलगांव पुलिस द्वारा त्वरित एवं मानवीय कार्रवाई से गंभीर रूप से घायल दोनों चालकों सुरक्षित निकालकर अस्पताल में भर्ती कराया गया। मामला भारती कॉलेज के पास का है जहां देर रात्रि सड़क पर दो हाईवा वाहनों की भिड़ंत आमने-सामने हो गई। सूचना पर पुलगांव पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और जेसीबी की सहायता से क्षतिग्रस्त हाईवा वाहनों को हटाकर दोनों चालकों का रेस्क्यू अस्पताल पहुंचाया गया।
दिनांक 13 मई की रात्रि लगभग 12:00 बजे थाना पुलगांव पुलिस को सूचना प्राप्त हुई कि भारती कॉलेज के पास दो हाईवा वाहन आपस में टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गए हैं तथा दोनों वाहनों के चालक केबिन में फंसे हुए हैं। सूचना प्राप्त होते ही थाना पुलगांव पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची।घटनास्थल पर ट्रक क्रमांक CG 07 BG 6486 एवं ट्रक क्रमांक CG 06 HF 6625 आपस में टकराकर क्षतिग्रस्त पाए गए। दुर्घटना के कारण दोनों वाहनों के चालक वाहन के अंदर गंभीर रूप से फंसे हुए थे। पुलिस टीम द्वारा तत्काल जेसीबी मशीन बुलाकर क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाने की कार्रवाई की गई तथा कड़ी मशक्कत के बाद दोनों चालकों को सुरक्षित बाहर निकालकर उपचार हेतु अस्पताल पहुंचाया गया। रेस्क्यू कार्रवाई के दौरान घायल चालकों की स्थिति गंभीर होने के कारण पुलिस टीम द्वारा त्वरित मानवीय सहायता उपलब्ध कराई गई, जिससे समय रहते उपचार संभव हो सका। उक्त रेस्क्यू एवं बचाव कार्यवाही में थाना प्रभारी पुलगांव निरीक्षक गुरविंदर सिंह संधू, प्रधान आरक्षक मानसिंह गायकवाड़, आरक्षक हेमेंद्र कुर्रे, आरक्षक मनोज यादव एवं आरक्षक शुभ चरण यादव की सराहनीय भूमिका रही। पुलिस टीम द्वारा त्वरित कार्रवाई कर घायल चालकों को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया।
▪️ घटना का कारण :
प्रथम दृष्टया दोनों हाईवा वाहनों की आमने-सामने टक्कर होना।
▪️ घटनास्थल :
भारती कॉलेज के पास, थाना पुलगांव क्षेत्र, जिला दुर्ग।
▪️ घायल चालक का विवरण :
1. विजय कुमार यादव, उम्र 23 वर्ष, निवासी गोटाटोला बांधाबाजार, मोहला मानपुर।
2. वीरेंद्र, उम्र 34 वर्ष, निवासी झारखंड।
▪️ वाहनों का विवरण :
1. हाईवा वाहन क्रमांक CG 07 BG 6486
2. हाईवा वाहन क्रमांक CG 06 HF 6625
▪️ दुर्ग पुलिस की अपील :
दुर्ग पुलिस वाहन चालकों से अपील करती है कि रात्रि के समय वाहन सावधानीपूर्वक एवं नियंत्रित गति से चलाएं तथा यातायात नियमों का पालन करें। किसी भी दुर्घटना अथवा आपात स्थिति की सूचना तत्काल पुलिस को दें, जिससे समय पर सहायता उपलब्ध कराई जा सके।



