दुर्ग। 20 जून, 2026, (सीजी संदेश) : पुलिस सेवा एक अत्यंत चुनौतीपूर्ण एवं जिम्मेदारीपूर्ण कार्य है, जिसमें अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निरंतर तनावपूर्ण परिस्थितियों, कानून व्यवस्था संबंधी दायित्वों तथा जनसामान्य की सुरक्षा से जुड़े कार्यों का निर्वहन करना पड़ता है। पुलिस बल के मानसिक एवं भावनात्मक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय, आनंद सरोवर बघेरा द्वारा दिनांक 20 जून को जिला पुलिस दुर्ग के अधिकारी एवं कर्मचारियों के लिए विशेष “आनंद सरोवर मेडिटेशन कार्यक्रम” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिला पुलिस दुर्ग के लगभग 250 अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान ब्रह्माकुमारी संस्थान की बहनों द्वारा राजयोग मेडिटेशन की वैज्ञानिक एवं आध्यात्मिक पद्धति के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि वर्तमान समय में मानसिक तनाव, कार्य का दबाव तथा व्यस्त जीवनशैली के कारण व्यक्ति के मानसिक स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है, जिसे नियमित ध्यान एवं मेडिटेशन के माध्यम से नियंत्रित किया जा सकता है।
मेडिटेशन सत्र में उपस्थित पुलिस कर्मियों को श्वास नियंत्रण, आत्मचिंतन, सकारात्मक सोच, भावनात्मक संतुलन तथा मानसिक एकाग्रता बढ़ाने के व्यावहारिक उपाय बताए गए। इसके साथ ही यह भी बताया गया कि प्रतिदिन कुछ समय ध्यान करने से मन शांत रहता है, निर्णय लेने की क्षमता में वृद्धि होती है तथा विपरीत परिस्थितियों में भी व्यक्ति संतुलित एवं प्रभावी ढंग से कार्य कर सकता है। कार्यक्रम में “आनंद सरोवर” की अवधारणा पर प्रकाश डालते हुए बताया गया कि प्रत्येक व्यक्ति अपने विचारों एवं सकारात्मक दृष्टिकोण के माध्यम से अपने मन को शांति, सुख, संतोष एवं आत्मविश्वास का सरोवर बना सकता है। इस दौरान सभी प्रतिभागियों ने सामूहिक रूप से राजयोग मेडिटेशन का अभ्यास किया और अपने अनुभव साझा किए। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने नियमित मेडिटेशन को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने तथा तनावमुक्त एवं सकारात्मक कार्य संस्कृति को बढ़ावा देने का संकल्प लिया।
▪️ स्थल :
आनंद सरोवर, प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय परिसर, बघेरा, जिला दुर्ग।
▪️ सराहनीय कार्य :
कार्यक्रम के सफल आयोजन में प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय, आनंद सरोवर बघेरा की बहनों एवं जिला पुलिस दुर्ग के अधिकारी एवं कर्मचारियों की सक्रिय सहभागिता एवं सहयोग सराहनीय रहा।
▪️ दुर्ग पुलिस की अपील :
दुर्ग पुलिस सभी नागरिकों से अपील करती है कि शारीरिक स्वास्थ्य के साथ-साथ मानसिक स्वास्थ्य को भी प्राथमिकता दें। नियमित योग, ध्यान एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाकर तनावमुक्त एवं स्वस्थ समाज के निर्माण में अपना योगदान दें।
[URIS id=9218




