दुर्ग। 08 जुलाई, 2026, (सीजी संदेश) : पुलिस अधीक्षक दुर्ग के निर्देशन में जिले के समस्त राजपत्रित अधिकारियों के पर्यवेक्षण में स्थायी एवं गिरफ्तारी वारंटियों की धरपकड़ हेतु विशेष अभियान संचालित किया गया। अभियान के अंतर्गत सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्र में लंबित वारंटों का प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। निर्देशों के पालन में 05, 06 एवं 07 जुलाई को जिले के समस्त थाना एवं चौकी क्षेत्रों में अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन कर संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी गई। पुलिस टीमों द्वारा वारंटियों के निवास, रिश्तेदारी, संभावित ठिकानों एवं अन्य स्थानों पर सघन तलाश की गई। साथ ही मुखबिर तंत्र को सक्रिय करते हुए तकनीकी सहायता एवं स्थानीय सूचना संकलित कर फरार वारंटियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की गई। विशेष अभियान के दौरान कुल 107 गिरफ्तारी वारंट तथा 167 स्थायी वारंट तामील किए गए। इस प्रकार तीन दिनों में कुल 274 वारंटों का सफल निष्पादन करते हुए संबंधित वारंटियों को गिरफ्तार कर विधिसम्मत कार्रवाई उपरांत माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया। यह अभियान लंबित वारंटों के प्रभावी निष्पादन, फरार वारंटियों की गिरफ्तारी, न्यायालयीन आदेशों के पालन तथा जिले में कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाए रखने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित हुआ है। दुर्ग पुलिस द्वारा ऐसे विशेष अभियान भविष्य में भी निरंतर संचालित किए जाते रहेंगे।
अभियान का संक्षिप्त प्रतिवेदन :
* गिरफ्तारी वारंट तामील : 107
* स्थायी वारंट तामील : 167
* कुल वारंट तामील : 274
सराहनीय भूमिका :
उक्त विशेष अभियान में जिले के समस्त थाना एवं चौकी प्रभारियों, विवेचकों, वारंट सेल, पुलिस नियंत्रण कक्ष तथा थाना एवं चौकी में पदस्थ समस्त पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा समन्वित, सतत एवं प्रभावी कार्रवाई करते हुए लंबित वारंटों के सफल निष्पादन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई गई।
दुर्ग पुलिस की अपील :
दुर्ग पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि न्यायालयीन आदेशों का सम्मान करें तथा यदि किसी वारंटी के संबंध में कोई जानकारी प्राप्त हो तो तत्काल निकटतम थाना अथवा पुलिस नियंत्रण कक्ष को सूचना दें। फरार वारंटियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी तथा कानून से बचने का प्रत्येक प्रयास विफल किया जाएगा।




