दुर्ग। 24 जुलाई, 2026, (सीजी संदेश) : दुर्ग पुलिस द्वारा संचालित पिंक पेट्रोलिंग अभियान के अंतर्गत जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में लगातार जनजागरूकता एवं सुरक्षा संबंधी गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। इसी क्रम में थाना भिलाई भट्टी क्षेत्र अंतर्गत नारायण गुरु स्कूल में पिंक पेट्रोलिंग टीम द्वारा विद्यालय प्रबंधन से संवाद स्थापित किया गया, जहां प्राचार्य ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे छात्र-छात्राओं की सुरक्षा के लिए उपयोगी बताया।
थाना मोहन नगर क्षेत्र अंतर्गत जय पब्लिक स्कूल एवं शासकीय प्राथमिक शाला कैलाश नगर में छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों को डायल-112 आपातकालीन सेवा, महिला हेल्पलाइन 1091 तथा अभिव्यक्ति ऐप के संबंध में जानकारी प्रदान की गई तथा महिला एवं बाल सुरक्षा संबंधी आवश्यक सुझाव दिए गए।
इसी प्रकार पिंक पेट्रोलिंग टीम द्वारा थाना क्षेत्र के सार्वजनिक स्थलों एवं ठेला व्यवसायियों के बीच पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया तथा आम नागरिकों से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं की जानकारी प्राप्त की गई।
सराहनीय कार्य :
पिंक पेट्रोलिंग टीमों द्वारा संबंधित थाना क्षेत्रों में सतत भ्रमण कर विद्यालयों, सार्वजनिक स्थलों एवं नागरिकों के बीच सुरक्षा संबंधी जागरूकता कार्यक्रम संचालित किए गए तथा महिला एवं बाल सुरक्षा के प्रति विश्वास बढ़ाने हेतु प्रभावी संवाद स्थापित किया गया।
दुर्ग पुलिस की अपील :
दुर्ग पुलिस आम नागरिकों, छात्र-छात्राओं एवं अभिभावकों से अपील करती है कि किसी भी आपात स्थिति अथवा महिला एवं बाल सुरक्षा संबंधी घटना की जानकारी तत्काल डायल-112, महिला हेल्पलाइन 1091 अथवा निकटतम पुलिस थाना को दें। आपकी सतर्कता एवं सहयोग सुरक्षित समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण है।




