दुर्ग। 17 जून, 2026, (सीजी संदेश) : पूर्व विवाद को लेकर डंडा एवं धारदार हथियार से प्राणघातक हमला करने वाले 05 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। मामला जामुल थाना अंतर्गत बाम्बे आवास घासीदास नगर का है। आरोपियों द्वारा पूर्व में हुए विवाद को लेकर व्यक्तियों पर प्राणघातक हमला कर गंभीर चोट पहुंचाई गई। घटना के बाद फरार आरोपियों को जामुल पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घेराबंदी कर गिरफ्तार किया और घटना में प्रयुक्त डंडा एवं धारदार हथियार आरोपियों के कब्जे से बरामद कर जप्त किया गया। प्रकरण में 05 आरोपियों को न्यायिक रिमाण्ड पर भेजा गया तथा 03 नाबालिग बालकों के विरुद्ध वैधानिक कार्यवाही की गई। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार प्रार्थिया रूखमणी मारकण्डेय निवासी बाम्बे आवास घासीदास नगर जामुल द्वारा थाना जामुल में रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि दिनांक 16 जून को रात्रि लगभग 08:00 बजे पूर्व में हुए विवाद की बात को लेकर मोहल्ले के रहने वाले हर्ष साहू, दिनेश साहू उर्फ दीनू, विजय यादव उर्फ करण यादव, परिचय उर्फ गुलशन, मोह. आसिफ एवं अन्य साथियों द्वारा संतु मारकण्डेय, सतीश मारकण्डेय एवं दीपक साहू के साथ गाली-गलौज कर डंडा एवं धारदार हथियार से जान से मारने की नियत से हमला कर गंभीर चोट पहुंचाई गई।
रिपोर्ट पर थाना जामुल में धारा 296, 351(3), 109(1), 191(2), 191(3), 3(5) बीएनएस तथा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। घटना की सूचना प्राप्त होते ही पुलिस टीम द्वारा तत्काल कार्रवाई करते हुए फरार आरोपियों की तलाश की गई। मुखबिर सूचना के आधार पर घेराबंदी कर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपियों ने पूर्व विवाद के कारण घटना कारित करना स्वीकार किया। आरोपियों के निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त डंडा एवं धारदार हथियार बरामद कर जप्त किया गया। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक रिमाण्ड पर भेजा गया है।
▪️ घटना का कारण :
पूर्व में हुए विवाद एवं आपसी रंजिश को लेकर मारपीट की घटना कारित की गई।
▪️ घटनास्थल :
बाम्बे आवास, घासीदास नगर, जामुल।
▪️ आरोपी का नाम :
1. हर्ष साहू उर्फ अंशु साहू, उम्र 18 वर्ष, निवासी बाम्बे आवास घासीदास नगर जामुल।
2. दिनेश साहू उर्फ दीनू, उम्र 40 वर्ष, निवासी बाम्बे आवास घासीदास नगर जामुल।
3. विजय यादव उर्फ करण यादव, उम्र 21 वर्ष, निवासी बाम्बे आवास घासीदास नगर जामुल।
4. परिचय उर्फ गुलशन यादव, उम्र 20 वर्ष, निवासी बाम्बे आवास घासीदास नगर जामुल।
5. मोह. आसिफ, उम्र 22 वर्ष, निवासी बाम्बे आवास घासीदास नगर जामुल।
6. 03 विधि से संघर्षरत बालक।
▪️ जप्त सामग्री :
1. एक डंडा।
2. एक धारदार हथियार।
▪️ सराहनीय भूमिका :
उक्त कार्यवाही में थाना जामुल पुलिस की टीम, विवेचना अधिकारी एवं स्टाफ की त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सराहनीय रही, जिनके द्वारा आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार कर प्रकरण में वैधानिक कार्यवाही सुनिश्चित की गई।
▪️ दुर्ग पुलिस की अपील :
दुर्ग पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि किसी भी प्रकार के विवाद का समाधान कानून सम्मत एवं शांतिपूर्ण तरीके से करें। कानून अपने हाथ में लेने वालों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्यवाही की जाएगी। किसी भी आपराधिक गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।




