खुर्सीपार भिलाई, 20 अप्रैल 2026।खुर्सीपार स्थित परशुराम चौक में सोमवार को भगवान परशुराम जी का जन्मोत्सव अत्यंत श्रद्धा, उत्साह एवं भव्यता के साथ मनाया गया। इस पावन अवसर पर क्षेत्र के विभिन्न जनहितकारी विकास कार्यों का विधिवत भूमिपूजन भी संपन्न हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ सर्वप्रथम हनुमान चालीसा पाठ के साथ किया गया, तत्पश्चात पूज्य श्री श्री 1008 श्री रामबालक दास जी महाराज के करकमलों से भगवान परशुराम जी का पूजन संपन्न कराया गया, जिसमें समाज के वरिष्ठजनों की गरिमामयी उपस्थिति रही। पूजन उपरांत प्रस्तावित विकास कार्यों का भूमिपूजन किया गया।
भूमिपूजन अंतर्गत एक विशालकाय डोम (शेड) का निर्माण किया जाएगा, जो सनातन धर्मावलंबी परिवारों को सामाजिक एवं धार्मिक आयोजनों हेतु निःशुल्क उपलब्ध रहेगा। इसके साथ ही जी.ई. रोड से परशुराम चौक आने वाले मार्ग के प्रारंभ में भव्य परशुराम द्वार, पावर हाउस चौक के समीप सर्वसुविधायुक्त यात्री प्रतीक्षालय तथा परशुराम द्वार से परशुराम चौक तक पहुंच मार्ग के निर्माण कार्य का भी भूमिपूजन किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में पूज्य रामबालक दास जी महाराज का सान्निध्य प्राप्त हुआ, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता छत्तीसगढ़ विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष श्री प्रेम प्रकाश पांडे जी ने की। मंच पर ब्राह्मण समाज की ओर से प्रभुनाथ मिश्रा, राममिलन दुबे, के.एल. तिवारी, राष्ट्रीय सर्व ब्राह्मण समाज के राष्ट्रीय महासचिव शशिकांत तिवारी, राष्ट्रीय स्वरूपानंद समाज के प्रदेश उपाध्यक्ष सुमित शर्मा सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के आयोजक एवं परशुराम सेवा समिति के अध्यक्ष श्री पीयूष मिश्रा ने अपने स्वागत भाषण में बताया कि पूर्व में इस मार्ग को “कैनाल रोड” के नाम से जाना जाता था, किंतु अब समाज के सामूहिक प्रयासों से यह मार्ग शासकीय एवं निगम अभिलेखों में “परशुराम मार्ग” के रूप में दर्ज किया जाएगा। इसके लिए उन्होंने निगम प्रशासन एवं मार्ग निर्माण की परिकल्पना रखने वाले श्री प्रेम प्रकाश पांडे जी का आभार व्यक्त किया।इसके पश्चात प्रभुनाथ मिश्रा जी ने समाज को संगठित एवं एकजुट रहने का संदेश दिया। अध्यक्षीय उद्बोधन में श्री प्रेम प्रकाश पांडे जी ने समाज की कमियों को दूर कर शिक्षा, संगठन एवं जागरूकता के माध्यम से समस्त सनातन धर्मावलंबियों को प्रेरित करने की आवश्यकता पर बल दिया।
मुख्य वक्ता पूज्य रामबालक दास जी महाराज ने अपने उद्बोधन में भगवान परशुराम जी के जीवन एवं चरित्र का अत्यंत प्रभावशाली एवं प्रेरणादायक वर्णन किया तथा समाज को धर्म, संस्कृति एवं आदर्शों के मार्ग पर चलने का संदेश दिया। उन्होंने कवि रामदीन कर की रचना के माध्यम से भगवान परशुराम के व्यक्तित्व का सजीव चित्रण भी प्रस्तुत किया।कार्यक्रम में सांस्कृतिक आयोजन के रूप में भजन संध्या का भी आयोजन किया गया, जिसका उपस्थित श्रद्धालुओं ने देर रात तक आनंद लिया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ब्राह्मण समाज सहित सनातन धर्म में आस्था रखने वाले श्रद्धालुओं की गरिमामयी उपस्थिति रही।कार्यक्रम में प्रमुख रूप से रघुनाथ मिश्रा, राममिलन दुबे, के.एल. तिवारी, ईश्वर चंद्र उपाध्याय, ईश्वर चंद्र पाटिल, अजय पांडे, नागेंद्र मिश्रा, राधेकांत मिश्रा, मनोज मिश्रा, गिरिजेश पांडे, अशोक पांडे, रामउप तिवारी, गोकुलेश तिवारी, प्रमोद तिवारी, संकटा पाठक, सत्येंद्र शर्मा, मंडल अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
परशुराम चौक में भगवान परशुराम जी का जन्मोत्सव अत्यंत श्रद्धा, उत्साह एवं भव्यता से मना : पाण्डेय
Chhattisgarh no.1 News Portal
Leave a comment



