भिलाई। 15 जून, 2026, (सीजी संदेश) : विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर रेड ड्रॉप फ्रेंड्स क्लब छत्तीसगढ़ द्वारा कर्मा भवन, जी.ई. रोड, सुपेला भिलाई में विशाल रक्तदान शिविर एवं रक्तदाताओं के सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रदेशभर से आए रक्तदाताओं, रक्त मित्रों एवं विभिन्न सामाजिक संस्थाओं का सम्मान किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सांसद विजय बघेल रहे। उनके साथ भाजपा प्रदेश मंत्री अमित साहू, पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष नेहरू निषाद, वरिष्ठ समाजसेवी इंद्रजीत सिंह, कांग्रेस जिला अध्यक्ष मुकेश चंद्राकर सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता के चित्र पर माल्यार्पण कर किया गया। रेड ड्रॉप फ्रेंड्स क्लब के संस्थापक सूरज साहू एवं हीरा शंकर साहू ने बताया कि समारोह का उद्देश्य नियमित रक्तदाताओं और समाजसेवा में सक्रिय संस्थाओं का सम्मान कर उन्हें प्रोत्साहित करना है। इस अवसर पर रक्तदान करने वाले रक्तवीरों को प्रशस्ति-पत्र एवं सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता के लिए हेलमेट प्रदान कर सम्मानित किया गया। समारोह में 198 बार रक्तदान कर चुके एम. वासुदेव राव, 131 बार रक्तदान कर चुके फनेंद्र जैन तथा 99 बार रक्तदान कर चुकीं अंतरा गोवर्धन सहित अनेक नियमित रक्तदाताओं का विशेष सम्मान किया गया। इसके अलावा प्रदेशभर से आई विभिन्न सामाजिक एवं सेवा संस्थाओं को भी सम्मानित किया गया, जो जरूरतमंद मरीजों को रक्त उपलब्ध कराने और जनसेवा के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभा रही हैं।
अपने संबोधन में सांसद विजय बघेल ने रक्तदान को महादान बताते हुए कहा कि आज के व्यस्त जीवन में मानव सेवा के लिए समर्पित लोग समाज के लिए प्रेरणा स्रोत हैं। उन्होंने कहा कि सेवा की भावना ही समाज को नई दिशा देती है और रक्तदान जैसे कार्य मानवता की सच्ची मिसाल हैं। उन्होंने रेड ड्रॉप फ्रेंड्स क्लब एवं उसकी टीम की सराहना करते हुए कहा कि संस्था लगातार लोगों को रक्तदान के लिए प्रेरित कर रही है और जरूरतमंदों के जीवन बचाने में महत्वपूर्ण योगदान दे रही है। विजय बघेल ने सभी रक्तदाताओं, रक्त मित्रों और आयोजकों के उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु की कामना करते हुए अधिक से अधिक लोगों से रक्तदान अभियान से जुड़ने का आह्वान किया। कार्यक्रम में उपस्थित अन्य अतिथियों ने भी रक्तदान को मानव जीवन का सबसे बड़ा दान बताते हुए कहा कि रक्त का कोई कृत्रिम विकल्प नहीं है और यह केवल एक व्यक्ति ही दूसरे व्यक्ति को दे सकता है। उन्होंने रक्तदान के क्षेत्र में कार्यरत व्यक्तियों और संस्थाओं के प्रयासों की सराहना की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ता, रक्तदाता, विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधि एवं नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा नियमित रक्तदाताओं को सम्मानित कर नई पीढ़ी को इस अभियान से जोड़ना रहा।




