भिलाई। 24 अप्रैल, 2026, (सीजी संदेश) : मानव एकता दिवस के पावन अवसर पर आज वह प्रेरणादायी दृश्य देखने को मिला, जहाँ समस्त भेदभाव स्वतः विलीन हो जाते हैं और करुणा, समरसता तथा सार्वभौमिक भाईचारे का भाव सजीव हो उठता है। इसी दिव्य आध्यात्मिक चेतना को साकार करने हेतु संत निरंकारी चेरिटेबल फाउंडेशन द्वारा पूज्य बाबा गुरबचन सिंह की पावन स्मृति में ‘मानव एकता दिवस’ श्रद्धा, समर्पण एवं प्रेमपूर्ण वातावरण में मनाया गया।
इस अवसर पर सेक्टर 8, स्ट्रीट नंबर 41 स्थित संत निरंकारी सत्संग भवन, भिलाई में विशाल रक्तदान शिविर एवं आध्यात्मिक सत्संग का आयोजन किया गया। यह आयोजन संपूर्ण मानव जाति को एकत्व और सेवा का अमूल्य संदेश देने वाला रहा। यह पुण्य प्रयास सतगुरु माता सुदीक्षा महाराज की दिव्य शिक्षाओं का सजीव एवं प्रेरणादायी प्रतिबिंब है, जो मानव हृदय में प्रेम, एकत्व और सह-अस्तित्व की पावन ज्योति प्रज्वलित करता है। हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी आयोजित इस रक्तदान शिविर में भिलाई, दुर्ग, जामुल, चिचा, गबदी, उतई, जगन्नाथपुर, दल्ली राजहरा सहित जिले के दूरस्थ अंचलों से संत निरंकारी मिशन के सैकड़ों अनुयायियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
ब्रांच संयोजक सतपाल सैनी ने बताया कि रक्तदान शिविर में कुल 273 लोगो ने पंजीयन कराया हीमोग्लोबिन की कमी व अपात्र रक्तदाताओं को छोड़कर कुल 220 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया, जिसमें 171पुरुषों एवं 49 महिलाओं ने स्वेच्छा से रक्तदान कर मानव सेवा का अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया। रक्तदान के पश्चात रक्तदाताओं को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। रक्तदान शिविर में दुर्ग सांसद विजय बघेल, दुर्ग की महापौर अलका बाघमार, पूर्व विधायक अरुण वोरा, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता धर्मेंद्र यादव की उपस्थिति से रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन हुआ।
मानव एकता दिवस के उपलक्ष्य में रक्तदान के साथ साथ विशाल सत्संग को सम्बोधित करते हुए मुखी पंचराम साहू ने कहा कि बाबा गुरुबचन सिंह की शहादत पर आयोजित सत्संग में आज उपस्थित सभी श्रद्धालुओं एवम रक्तदाताओं ने मानव एकता, सेवा और प्रेम के संदेश को जन-जन तक पहुँचाया। यह आयोजन न केवल सामाजिक सेवा का प्रतीक रहा, बल्कि समाज में आपसी सद्भाव और भाईचारे को सुदृढ़ करने का एक सशक्त माध्यम भी बना।यही सच्ची श्रद्धांजलि है।
संत निरंकारी चेरिटेबल फाउंडेशन सेवादल के भाई बहनों ने सक्रिय भूमिका निभाई। रक्तदान एकत्र करने दुर्ग जिला चिकित्सालय ब्लड बैंक से प्रभारी डॉ जे पी मेश्राम, चिकित्सा अधिकारी डॉ अवतांश वैष्णव, परामर्शदाता टी एस एंथोनी, लैब टकनीशियन रूपेश सरपे, रोशन सिंह, महेंद्र चंद्राकर एवम स्टाफ नर्स टीम का उल्लेखनिय योगदान रहा। साथ ही सेक्टर 9 जवाहर लाल नेहरू रिसर्च सेंटर ब्लड बैंक प्रभारी डॉ नीली कुजुर, डॉ दीपक दास महापात्रा, राजीव शर्मा, श्रीमती रीता भटनागर, संजय फुलझल्ले, साजी हसन, सुधीर पांडे, शैल सिंह, अजय आर्या, संदीप पांडे, मीनाक्षी चरण, कुलदीपक तिवारी, जितेंद्र, लीलाधर, केवेन्द्र, पार्वती, अजय देवांगन की टीम ने भी रक्तसंग्रह कर हितग्राहियों के लिए अपना योगदान दिया।



