भिलाई। 06 मई, 2026, (सीजी संदेश) : दुर्ग पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर बड़ी कार्यवाही करते हुए देशी कट्टा एवं 02 लाख रुपये नगदी के साथ आरोपी रायपुर निवासी अविनाश आष्टिकर को गिरफ्तार किया है। आरोपी कुम्हारी थाना क्षेत्र में खारून नदी रेलवे ब्रिज के नीचे घेराबंदी कर पकड़ा है। आरोपी अविनाश आष्टिकर दुर्ग जिले का पुराना हिस्ट्रीशीटर है। उसके कब्जे से 01 नग देशी कट्टा एवं 01 नग जिंदा कारतूस 02 लाख रुपये नगदी एवं मोबाईल फोन जप्त किया गया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार दिनांक 05 मई को थाना कुम्हारी पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि एक व्यक्ति खारून नदी स्थित रेलवे ब्रिज के नीचे सफेद प्लास्टिक बोरी में अवैध देशी कट्टा एवं नगदी रकम रखकर बिक्री करने की फिराक में खड़ा है। सूचना मिलते ही थाना कुम्हारी पुलिस द्वारा तत्काल टीम गठित कर स्वतंत्र गवाहों के साथ मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की गई। पुलिस टीम को देखकर संदेही व्यक्ति भागने का प्रयास करने लगा, जिसे घेराबंदी कर पकड़ा गया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम अविनाश आष्टिकर निवासी कबीर नगर रायपुर बताया। आरोपी के कब्जे की तलाशी लेने पर 01 नग लोहे का देशी कट्टा, 01 नग जिंदा कारतूस, 02 लाख रुपये नगदी एवं 01 नग वीवो कंपनी का मोबाईल बरामद हुआ। आरोपी द्वारा उक्त हथियार एवं रकम के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने पर सामग्री को विधिवत जप्त किया गया। आरोपी के विरुद्ध थाना कुम्हारी में धारा 25 आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है। उक्त कार्यवाही में थाना कुम्हारी के थाना प्रभारी उनि पुरूषोत्तम कुर्रे, सउनि सुभाष बोरकर, आरक्षक जी. किरण, फनेश्वर गंगराले, विकास शेण्डे एवं राजेश ध्रुव की सराहनीय भूमिका रही।
▪️ घटना का कारण :
अवैध रूप से देशी कट्टा बिक्री करने की फिराक में आरोपी द्वारा हथियार रखना।
▪️ घटनास्थल :
खारून नदी के पास रेलवे ब्रिज के नीचे, कुम्हारी, जिला दुर्ग।
▪️ आरोपी का नाम :
1. अविनाश आष्टिकर, उम्र 53 वर्ष, निवासी एमडीडी 102 हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, कबीर नगर, रायपुर।
▪️ जप्त सामग्री :
1. 01 नग लोहे का देशी कट्टा
2. 01 नग जिंदा कारतूस
3. 02 लाख रुपये नगदी
4. 01 नग वीवो कंपनी का मोबाईल
▪️ दुर्ग पुलिस की अपील :
दुर्ग पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि अवैध हथियार एवं संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को दें। कानून व्यवस्था भंग करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।



