भिलाई। 31 जुलाई, 2026, (सीजी संदेश) : लीनेस क्लब भिलाई द्वारा गुरुवार, 30 जुलाई को चार्टर डिस्ट्रिक्ट प्रेसीडेंट रश्मि अग्रवाल की आधिकारिक यात्रा का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। इस अवसर पर रीजन ऑफिसर रश्मि लखोटिया एवं एरिया ऑफिसर छाया कटारिया भी विशेष रूप से उपस्थित रहीं। पूरे दिन चले इस कार्यक्रम में शिक्षा, स्वास्थ्य, दिव्यांगजन सहायता, रक्तदान, निर्धन कन्या सहयोग एवं वृद्धजन सेवा सहित आठ विभिन्न सेवा प्रकल्पों का संचालन किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत लीनेस करुणा बंसल के निवास से हुई, जहां अतिथियों का तिलक एवं पुष्पमाला से स्वागत किया गया। इसके बाद बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स (बी.ओ.डी.) की बैठक आयोजित की गई तथा नाश्ते के उपरांत आधिकारिक यात्रा का शुभारंभ हुआ।
पहले चरण में लीनेस क्लब भिलाई के स्वागत बोर्ड का फीता काटकर उद्घाटन किया गया। इसके बाद प्रयास मूक-बधिर विद्यालय में दो लोहे की बेंच का लोकार्पण किया गया। यहां रंगोली प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कृत किया गया, ऑटिज्म से प्रभावित बच्चों के साथ समय बिताया गया तथा उन्हें नाश्ता वितरित किया गया। साथ ही एक निर्धन कन्या के विवाह हेतु आवश्यक घरेलू सामग्री, अलमारी एवं आर्थिक सहयोग प्रदान किया गया। डॉग्स शेल्टर के लिए भी आर्थिक सहयोग दिया गया। इस प्रकल्प की संपूर्ण व्यवस्था लीनेस प्रिया रस्तोगी ने संभाली।
तीसरे पड़ाव में अंध विद्यालय पहुंचकर विद्यार्थियों को तबला, हारमोनियम, ब्रेल पेपर, खाद्यान्न सामग्री एवं 50 बच्चों को नाश्ता वितरित किया गया। इस कार्यक्रम की व्यवस्था लता गायकवाड़, शक्ति धरणी, सिम्मी एवं देवयानी ने संभाली।
इसके बाद शांति नगर स्कूल में 50 विद्यार्थियों को जूते तथा नाश्ता एवं टॉफियां वितरित की गईं। वहीं वैशाली नगर स्कूल में विद्यार्थियों को कॉपी, पेन एवं छाते प्रदान किए गए तथा निबंध प्रतियोगिता के विजेताओं को सम्मानित किया गया। जूनियर क्लब के बच्चों को डिस्ट्रिक्ट प्रेसीडेंट द्वारा बैज प्रदान किए गए तथा विद्यालय को प्रमाण-पत्र भी सौंपा गया। यात्रा के छठे चरण में सना ब्लड डोनेशन सेंटर को स्थायी सेवा प्रकल्प के रूप में विकसित करने की दिशा में फीता काटकर उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर रक्तदाताओं को हेलमेट वितरित किए गए। कार्यक्रम की व्यवस्था डॉ. मंजू तिवारी ने संभाली।
इसके पश्चात होटल अमित पार्क में सामान्य सभा आयोजित हुई, जहां अतिथियों का भव्य स्वागत किया गया। संगीता कौरा ने स्वागत नृत्य प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि तृप्ता कैंबो भी उपस्थित रहीं। मंच संचालन जयंती शर्मा ने किया। ध्वज वंदना अमिता सारस्वत ने की, जबकि स्वागत भाषण क्लब अध्यक्ष कल्पना श्रीवास्तव ने दिया। अतिथियों का परिचय गीता मिश्रा, उज्ज्वला सिंघल एवं करुणा बंसल ने प्रस्तुत किया। सचिवीय प्रतिवेदन मनीषा सिन्हा तथा कोषाध्यक्षीय प्रतिवेदन डॉ. मंजू तिवारी ने प्रस्तुत किया। इस अवसर पर डिस्ट्रिक्ट प्रेसीडेंट ने नए सदस्यों को शपथ भी दिलाई। कार्यक्रम के बाद प्रेस वार्ता एवं सामूहिक भोज का आयोजन किया गया। अंत में नीता गुप्ता ने आभार व्यक्त किया।
आधिकारिक यात्रा के अंतिम चरण में रामशीला वृद्धाश्रम पहुंचकर वहां लोहे की रैक, डस्टबिन एवं नेबुलाइजर भेंट किए गए तथा बुजुर्गों को नाश्ता वितरित किया गया। इसके बाद हाई-टी का आयोजन गीता मिश्रा द्वारा किया गया। क्लब ने बताया कि यह संपूर्ण आधिकारिक यात्रा डिस्ट्रिक्ट कोऑर्डिनेटर लीनेस नूतन गंधोक के मार्गदर्शन में सफलतापूर्वक संपन्न हुई। इस अवसर पर क्लब की अध्यक्ष कल्पना श्रीवास्तव, सचिव मनीषा सिन्हा, कोषाध्यक्ष डॉ. मंजू तिवारी सहित रीता कुकहरानिया, राजश्री जैन, रेखा बंसल, पिंकी अग्रवाल, अर्चना मिश्रा, मीनाक्षी नागडिवे, स्नेहा शर्मा, सुषमा रंधावा, रमा गोरट्टी, शुभ्रा रस्तोगी, उमा गुप्ता, स्नेह गुप्ता, वीना भाटिया, सरोज बहल, पूनम सोंधी, संगीता अग्रवाल एवं अन्य सदस्य उपस्थित रहे।




