दुर्ग। 19 नवंबर, 2026, (सीजी संदेश) : थाना नेवई क्षेत्र में मारपीट एवं बलवा की घटना के बाद एक व्यक्ति द्वारा आत्महत्या किए जाने के मामले में पुलिस ने मर्ग जांच, परिजनों एवं प्रत्यक्षदर्शियों के कथन तथा उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पांच आरोपियों की पहचान कर उनके विरुद्ध अपराध क्रमांक 785/2026, धारा 108, 191(2), 115(2) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया। पुलिस टीम द्वारा आरोपियों की पतासाजी कर पांचों को गिरफ्तार किया गया तथा घटना में प्रयुक्त दो लकड़ी के डंडे जप्त किए गए।
मामले का विवरण इस प्रकार है कि दिनांक 04 नवंबर की रात्रि लगभग 10:40 बजे मृतक श्रवण मंडावी, उम्र 54 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 34, दशहरा मैदान, नेवई, के साथ उसके पड़ोसियों द्वारा नेवई बस्ती स्थित शिव मंदिर के पास पान ठेले के समीप विवाद करते हुए मारपीट की गई थी। आरोपियों द्वारा मृतक पर पान ठेले के पास ग्राहकों को शराब पिलाने का आरोप लगाते हुए डंडे, चप्पल एवं हाथ-मुक्के से मारपीट कर चोट पहुंचाई गई तथा बलवा किया गया। उक्त घटना से आहत एवं व्यथित होकर मृतक द्वारा स्वयं जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया गया। उपचार हेतु शासकीय जिला अस्पताल दुर्ग ले जाने पर चिकित्सकों द्वारा उसे मृत घोषित कर दिया गया। घटना की सूचना पर थाना नेवई में मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराया गया। शॉर्ट पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृत्यु का स्पष्ट कारण नहीं दर्शाते हुए विसरा सुरक्षित रखा गया तथा मृतक के शरीर पर बाहरी चोटें होना उल्लेखित किया गया। मर्ग जांच के दौरान घटनास्थल के पंचों, मृतक की पत्नी, परिजनों एवं प्रत्यक्षदर्शी गवाहों के कथन लिए गए। जांच में घटना दिनांक को आरोपियों द्वारा मृतक के साथ मारपीट एवं बलवा किए जाने तथा पूर्व में भी विवाद होने की जानकारी सामने आई। उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों के विरुद्ध अपराध घटित होना पाए जाने पर अपराध क्रमांक 785/2026, धारा 108, 191(2), 115(2) BNS के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। विवेचना के दौरान पुलिस टीम द्वारा आरोपियों की पतासाजी कर दिनांक 19 नवंबर को पांचों आरोपियों को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की गई। प्रकरण में उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त दो लकड़ी के डंडे जप्त किए गए। आरोपियों को न्यायिक रिमाण्ड हेतु माननीय न्यायालय दुर्ग में पेश किया गया, जहां से उन्हें केंद्रीय जेल दुर्ग भेजा गया।
मॉडस ऑपरेंडी (अपराध करने का तरीका)
प्रकरण में आरोपियों द्वारा मृतक के पड़ोसी होने के बावजूद पान ठेले के पास ग्राहकों को शराब पिलाने की बात को लेकर विवाद किया गया। इसके बाद सामूहिक रूप से डंडे, चप्पल एवं हाथ-मुक्के से मारपीट कर चोट पहुंचाई गई। घटना से आहत होकर मृतक द्वारा जहरीले पदार्थ का सेवन कर आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है।
घटना स्थल
नेवई बस्ती, शिव मंदिर के पास, पान ठेले के समीप, थाना नेवई, जिला दुर्ग (छत्तीसगढ़)।
आरोपी का नाम
* आलोक कुमार हुई, उम्र 52 वर्ष, निवासी खुशी किराना दुकान के पास, नेवई, थाना नेवई, जिला दुर्ग।
* सपना हुई, उम्र 42 वर्ष, निवासी नेवई बस्ती, थाना नेवई, जिला दुर्ग।
* पायल, उम्र 35 वर्ष, निवासी खुशी किराना स्टोर, नेवई बस्ती, थाना नेवई, जिला दुर्ग।
* शैलेन्द्री यादव, उम्र 32 वर्ष, निवासी लक्ष्मी पशु आहार के पास, थाना नेवई, जिला दुर्ग।
* सरोज बाई यादव, उम्र 45 वर्ष, निवासी लक्ष्मी पशु आहार के पास, थाना नेवई, जिला दुर्ग।
जप्त सामग्री
1\. घटना में प्रयुक्त लकड़ी के 02 डंडे।
सराहनीय कार्य
उक्त कार्यवाही में थाना नेवई के निरीक्षक अनिल कुमार साहू, सउनि निगम पात्रे, प्रधान आरक्षक नंदलाल सिंह, प्रधान आरक्षक विजय सिंह, आरक्षक प्यारे लाल, आरक्षक विजय कुर्रे एवं आरक्षक देवप्रकाश वर्मा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
दुर्ग पुलिस की अपील
दुर्ग पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि आपसी विवाद एवं छोटी-छोटी बातों को लेकर हिंसा का सहारा न लें। किसी भी विवाद की स्थिति में कानून अपने हाथ में लेने के बजाय पुलिस को सूचना दें। मारपीट, धमकी एवं हिंसक गतिविधियों की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। कानून व्यवस्था भंग करने एवं आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।


