भिलाई। 16 जुलाई, 2026, (सीजी संदेश) : दुर्ग जिले में महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा को और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में दुर्ग पुलिस ने एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए “पिंक पेट्रोलिंग” सेवा का शुभारंभ किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल ने 14 विशेष पिंक पेट्रोलिंग टीमों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ये टीमें जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में नियमित गश्त कर महिला सुरक्षा सुनिश्चित करने, शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करने तथा आमजन में सुरक्षा और विश्वास का वातावरण मजबूत करने का कार्य करेंगी।
महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए दुर्ग पुलिस द्वारा दिनांक 16 जुलाई को पुलिस कंट्रोल रूम, सेक्टर-06, भिलाई से “पिंक पेट्रोलिंग” का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल द्वारा हरी झंडी दिखाकर पिंक पेट्रोलिंग की 14 विशेष टीमों को जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों के लिए रवाना किया गया।।महिला सुरक्षा को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से जिले के 13 थाना क्षेत्रों एवं 01 रक्षा टीम सहित कुल 14 विशेष पिंक पेट्रोलिंग टीमों का गठन किया गया है। प्रत्येक टीम में 04 पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे तथा प्रत्येक टीम का नेतृत्व एक पीएसआई (PSI) प्रभारी द्वारा किया जाएगा। ये टीमें महिलाओं, छात्राओं, बच्चों एवं वरिष्ठ नागरिकों को त्वरित पुलिस सहायता उपलब्ध कराने के साथ-साथ संवेदनशील एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सतत गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करेंगी।
पिंक पेट्रोलिंग के प्रमुख कार्य
* स्कूल, कॉलेज एवं कोचिंग संस्थानों में प्रवेश एवं छुट्टी के समय नियमित पेट्रोलिंग कर छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना।
* महिलाओं से संबंधित शिकायतों एवं पिंक पैट्रोलिंग,डायल-112 से प्राप्त सूचनाओं पर तत्काल मौके पर पहुंचकर आवश्यक सहायता एवं वैधानिक कार्रवाई करना।
* पार्क, गार्डन, बाजार, मॉल, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों पर नियमित गश्त करना।
* असामाजिक तत्वों, मनचलों एवं संदिग्ध व्यक्तियों पर सतत निगरानी रखते हुए आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करना।
* महिला हेल्पलाइन 1091, आपातकालीन सेवा 112 एवं साइबर हेल्पलाइन 1930 के संबंध में जन-जागरूकता बढ़ाना।
* महिलाओं, छात्राओं, बच्चों एवं वरिष्ठ नागरिकों में सुरक्षा एवं विश्वास का वातावरण स्थापित करना।
कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारी
कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) सुखनंदन राठौर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) मलीशंकर चंद्रा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) श्रीमती ऋचा मिश्रा, नगर पुलिस अधीक्षक हर्षित मेहर, नगर पुलिस अधीक्षक सत्य प्रकाश तिवारी, उप पुलिस अधीक्षक (लाइन), उप पुलिस अधीक्षक (आईजीडब्ल्यू) सुश्री भारती मरकाम, सुश्री आकर्षि कश्यप सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
पिंक पेट्रोलिंग का समन्वय
पिंक पेट्रोलिंग अभियान के प्रभावी संचालन, समन्वय एवं मॉनिटरिंग की जिम्मेदारी उप पुलिस अधीक्षक सुश्री भारती मरकाम एवं उप पुलिस अधीक्षक सुश्री आकर्षि कश्यप द्वारा निभाई जा रही है।
दुर्ग पुलिस की अपील
दुर्ग पुलिस आम नागरिकों, विशेषकर महिलाओं एवं छात्राओं से अपील करती है कि किसी भी प्रकार की आपात स्थिति, छेड़छाड़, उत्पीड़न अथवा संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल डायल-112, महिला हेल्पलाइन 1091 अथवा निकटतम पुलिस थाना को दें। महिला सुरक्षा दुर्ग पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा प्रत्येक सूचना पर त्वरित एवं प्रभावी वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
URIS id=9218




