दुर्ग। 14अप्रैल, 2026, (सीजी संदेश) : आपसी विवाद के बाद हत्या कर फरार दो आरोपियों को दुर्ग पुलिस ने 03 घंटे के भीतर कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है। मामला अण्डा थाना अंतर्गत ग्राम खाड़ा का है। जहां गांव में ही आपसी विवाद के दौरान की गई मारपीट से घायल व्यक्ति की मृत्यु हो गई। पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध हत्या का अपराध पंजीबद्ध विधिसम्मत कार्रवाई करते हुए न्यायालय में प्रस्तुत किया।
दिनांक 12 अप्रैल की रात्रि लगभग 10:00 बजे थाना अण्डा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम खाड़ा के स्कूल पारा में आपसी विवाद के दौरान मारपीट की घटना घटित हुई। मृतक शम्भू निषाद उर्फ देवचरण, उम्र लगभग 45 वर्ष, जो विगत कई वर्षों से गुजरात में निवासरत था, गांव आगमन के दौरान आरोपियों संतोष कुमार यादव एवं रोहित कुमार यादव के साथ विवाद में उलझ गया। विवाद के दौरान आरोपियों द्वारा हाथ-मुक्का एवं लात से मारपीट की गई, जिससे मृतक को गंभीर अंदरूनी चोटें आई। परिजनों द्वारा तत्काल उपचार हेतु जिला अस्पताल दुर्ग ले जाया गया, जहां दिनांक 13 अप्रैल को चिकित्सकों द्वारा मृत घोषित किया गया। प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना अण्डा में अपराध धारा 103, 3(5) BNS के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। घटना के पश्चात आरोपी फरार हो गए थे, जिनकी पतासाजी हेतु पुलिस टीम गठित कर त्वरित कार्रवाई की गई। पुलिस टीम द्वारा घेराबंदी कर आरोपी संतोष कुमार यादव को कुथरेल क्षेत्र से तथा आरोपी रोहित कुमार यादव को रायपुर से गिरफ्तार किया गया। आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया है। उक्त कार्यवाही में थाना अण्डा पुलिस की टीम द्वारा त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करते हुए आरोपियों को अल्प समय में गिरफ्तार किया गया, जिसमें थाना प्रभारी सहित समस्त स्टाफ की सक्रिय भूमिका रही।
▪️ घटना का कारण :
आपसी विवाद के दौरान उत्पन्न विवाद एवं मारपीट
▪️ घटनास्थल :
स्कूल पारा, ग्राम खाड़ा, थाना अण्डा, जिला दुर्ग
▪️ आरोपी का नाम :
1. संतोष कुमार यादव, उम्र 44 वर्ष, निवासी ग्राम खाड़ा थाना अण्डा जिला दुर्ग
2. रोहित कुमार यादव, उम्र 42 वर्ष, निवासी ग्राम खाड़ा थाना अण्डा जिला दुर्ग
▪️ जप्त सामग्री :
प्रकरण में मारपीट हाथ-मुक्का एवं लात से की गई, पृथक जप्ती नहीं
▪️ दुर्ग पुलिस की अपील :
दुर्ग पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि किसी भी प्रकार के विवाद की स्थिति में कानून को अपने हाथ में न लें एवं विवाद का समाधान शांतिपूर्ण एवं वैधानिक माध्यम से करें। किसी भी आपराधिक गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।



