भिलाई। 30 जुलाई, 2026, (सीजी संदेश) : स्मृतिनगर चौकी क्षेत्र में पुराने विवाद को लेकर हुए जानलेवा हमले के मामले में घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। इसके बाद पुलिस ने प्रकरण में हत्या की धारा जोड़ते हुए फरार आरोपी को जबलपुर से अभिरक्षा में ले लिया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 25 जुलाई की शाम लगभग 6 बजे आर्य नगर, कोहका पानी टंकी के पास पुराने विवाद के चलते आरोपी श्रेयांश राजमन उर्फ बाबू भाई (23 वर्ष) ने मुत्जरर कुमार सोनवानी (27 वर्ष) निवासी हाउसिंग बोर्ड, कोहका (मूल निवासी बागबहरा, जिला महासमुंद) पर गाड़ी का चक्का खोलने वाले पाना (व्हील स्पैनर) से सिर पर हमला कर दिया था। घटना के बाद सुपेला थाना में आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 351(3) एवं 115(2) के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी। पुलिस लगातार आरोपी की तलाश में जुटी हुई थी। इसी बीच गंभीर रूप से घायल मुत्जरर कुमार सोनवानी की 29 जुलाई की रात लगभग 8 बजे उपचार के दौरान मृत्यु हो गई। युवक की मौत के बाद पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103 (हत्या) जोड़ दी।
पुलिस ने फरार आरोपी श्रेयांश राजमन उर्फ बाबू भाई को जबलपुर से अभिरक्षा में लेकर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, मामले की विस्तृत विवेचना जारी है तथा आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।




