भिलाई। 16अगस्त, 2026, (सीजी संदेश) : दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल के सेक्टर-5, भिलाई स्थित निज निवास में भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि मनाई गई। इस अवसर पर सांसद विजय बघेल ने अटल जी के तैलचित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर सांसद विजय बघेल ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी एक महामानव, कुशल राजनेता, प्रखर वक्ता एवं संवेदनशील कवि थे। उन्होंने छत्तीसगढ़ की जनता से किया अपना वादा निभाते हुए अलग छत्तीसगढ़ राज्य का निर्माण किया। अटल जी ने कहा था कि यदि छत्तीसगढ़ की जनता भाजपा की झोली में सीटें डालती है, तो वे इसके उपहार स्वरूप छत्तीसगढ़ राज्य देंगे। छत्तीसगढ़ की जनता ने भाजपा को विजय दिलाई और अटल जी ने अपना वादा पूरा करते हुए छत्तीसगढ़ राज्य का निर्माण किया। सांसद श्री बघेल ने कहा कि अटल जी की लोकप्रियता और व्यक्तित्व ऐसा था कि उनके राजनीतिक विरोधी भी उनकी प्रशंसा करते थे। उन्होंने देश को परमाणु शक्ति संपन्न राष्ट्र बनाकर पूरी दुनिया को संदेश दिया कि भारत किसी के सामने झुकने वाला नहीं है। राष्ट्रहित, सुशासन और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति उनका समर्पण सदैव देशवासियों को प्रेरणा देता रहेगा। उन्होंने कहा कि अटल जी का जीवन और विचार आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत हैं। राष्ट्र के प्रति उनकी सेवाओं को देश सदैव श्रद्धा और सम्मान के साथ याद करता रहेगा। इस अवसर पर सांसद प्रतिनिधि प्रमोद सिंह, शशि बंछेल, उपकार चंद्राकर, अरविंद खुराना, भागचंद जैन, दशरथ भोई, मनोज गुप्ता सहित भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



