भिलाई। 04 जून, 2026, (सीजी संदेश) : वार्ड क्रमांक 45, जोन-2 अल्लपूरी सीता राम चौक बालाजी नगर खुर्शीपार भिलाई में तेलुगु समाज द्वारा आयोजित मनिनम्मा सम्बरालु सीतला माता महोत्सव श्रद्धा, भक्ति एवं सांस्कृतिक उल्लास के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में सांसद विजय बघेल उपस्थित रहे। उन्होंने नगर भ्रमण के दौरान विभिन्न आकर्षक झांकियों का अवलोकन किया तथा सीतला माता की पूजा-अर्चना कर क्षेत्र एवं समाज की सुख-समृद्धि, शांति और कल्याण की कामना की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद विजय बघेल ने कहा कि भिलाई वास्तव में “मिनी भारत” है, जहां देश के विभिन्न राज्यों के लोग अपनी संस्कृति, परंपरा और रीति-रिवाजों के साथ मिल-जुलकर रहते हैं। उन्होंने कहा कि तेलुगु समाज द्वारा आयोजित यह महोत्सव आंध्र प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का जीवंत उदाहरण है। यहां की मनमोहक झांकियां और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देखकर ऐसा प्रतीत होता है मानो हम आंध्र प्रदेश की धरती पर पहुंच गए हों।
संस्कृति समिति के अध्यक्ष के. श्याम सुंदर राव ने बताया कि यह महोत्सव वर्षों से तेलुगु समाज की आस्था और परंपरा का प्रतीक रहा है। इस वर्ष भी आंध्र प्रदेश की धार्मिक, सांस्कृतिक एवं सामाजिक परंपराओं को प्रदर्शित करती अनेक आकर्षक झांकियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। नगर भ्रमण यात्रा में भगवान बालाजी की झांकी, कोबरा डांस, अलारु नृत्य, नौ दुर्गा स्वरूप, वडुका पडम, अक्का अलाडु, जालरी संस्कृति तथा विशाखापट्टनम की प्रसिद्ध सांस्कृतिक झलकियों ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया।
विशाखापट्टनम से आए कलाकारों द्वारा प्रस्तुत कोबरा डांस एवं अन्य पारंपरिक नृत्य प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। यात्रा के दौरान “गोविंदा-गोविंदा” के जयघोष से पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो गया। बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं समाजजन इस भव्य आयोजन में शामिल हुए और धार्मिक अनुष्ठानों में भाग लेकर माता सीतला का आशीर्वाद प्राप्त किया। महोत्सव में तेलुगु युवता समिति के वरिष्ठजन, पदाधिकारी, युवा एवं महिलाएं बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। आयोजन ने सामाजिक समरसता, सांस्कृतिक एकता और भारतीय परंपराओं के संरक्षण का संदेश दिया।
मनिनम्मा सम्बरालु सीतला माता महोत्सव का भव्य आयोजन, सांसद विजय बघेल हुए शामिल
Chhattisgarh no.1 News Portal
Leave a comment




